BNP NEWS DESK। Beach Handball देश के कई हिस्सों में खेला जाने वाला बीच हैंडबाल पहली बार वाराणसी में होगा। इसके लिए गंगा की रेत पर कोर्ट तैयार किया जा रहा है। इसके तैयार होने के बाद अभ्यास मैच फिर फाइनल मुकाबला होगा। इस आयोजन के सफल होने पर बीच हैंडबाल को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किया जाएगा। यूपी एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब की ओर से बीच हैंडबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
14 अप्रैल को सुबह आठ बजे से गढ़वा घाट आश्रम के सामने रेत पर
Beach Handball 14 अप्रैल को सुबह आठ बजे से गढ़वा घाट आश्रम के सामने रेत पर होने वाली प्रतियोगिता के चेयरमैन डा. एके सिंह के अनुसार इसमें 96 महिला हैंडबाल खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। इनमें 14 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की हैं। बीच हैंडबाल में एक टीम में चार खिलाड़ी खेलते हैं जिसमें गोलकीपर भी शामिल होता है। गोल पोस्ट की साइज परंपरागत हैंडबाल गोल पोस्ट से छोटी होती है। दमखम वाले इस खेल में खिलाड़ी रेत पर नंगे पैर खेलते हैं। देश के कई हिस्सों में समुद्र किनारे इस खेल का आयोजन किया जाता है। वाराणसी की महिला हैंडबाल खिलाड़ी पहली बार यहां होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगी। Beach Handball
दुनिया के कई देशों में इस खेल को बढ़ावा दिया जा रहा
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेले जाने वाले इस खेल में बहुत संभावना है। दुनिया के कई देशों में इस खेल को बढ़ावा दिया जा रहा है। वाराणसी में बीच हैंडबाल के लिए जरूरी संसाधन मौजूद हैं। गंगा का बड़ा रेतीला इलाका इस खेल के लिए सबसे बेहतर है। यहां किसी तरह का अवरोध नहीं है। साथ ही रेत की स्थिति ऐसी है कि खेल के लिए कोर्ट आसानी से बनाए जा सकते हैं।
बीच हैंडबाल में रफ्तार के साथ पावर की जरूरत भी होती है।
इसमें खिलाड़ी के दमखम का परीक्षण होता है। वाराणसी में पहली बार होने वाली प्रतियोगिता के लिए कोर्ट तैयार किया जा रहा है।
शनिवार व रविवार को उत्तर प्रदेश हैंडबाल संघ के अधिकारी प्रतियोगिता स्थल का निरीक्षण करेंगे। 13 अप्रैल को अभ्यास मैच का आयोजन किया गया है ताकि कोई कमी हो तो उसे दूर किया जा सके। 14 अप्रैल को प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। Beach Handball






