BNP NEWS DESK। Magh Mela 2026 प्रयागराज में माघ मेले की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस बार के मेले में भी पवित्र संगम में पुण्य की डुबकी लगाने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। ऐसे में सुरक्षा घेरा को मजबूत करने के लिए पुलिस अधिकारी एआई के इस्तेमाल पर जोर दे रहे हैं, ताकि मेला क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले ही संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की पहचान हो सके।
Magh Mela 2026 महाकुंभ की तरह माघ मेले में भी सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किए जाने की बात कही गई है, जिसको ध्यान में रखते हुए पूरा खाका खींचा जा रहा है।
इस बार के माघ मेले का दायरा बढ़ा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार अधिक स्नानार्थी, श्रद्धालु, कल्पवासी और पर्यटक आएंगे।
17 पुलिस थाना बनाया जा रहा
क्षेत्रफल के आधार पर इस बार 17 पुलिस थाना बनाया जा रहा है। तीन थाने बढ़ाए गए हैं। इसके अलावा पुलिस चौकियां और फायर स्टेशन की संख्या में भी बढ़ोतरी की गई है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए मैनुअल पुलिसिंग के साथ-साथ तकनीक का भी इस्तेमाल किया रहा है। खासकर एआइ के प्रयोग पर जोर दिया गया है।
साफ्टवेयर में संदिग्ध व्यक्तियों की तस्वीर अपलोड की जाएगी। मेला क्षेत्र के सभी प्रवेश मार्गों पर हाईटेक सीसीटीवी लगाया जाएगा, जिसकी कमांडिंग कंट्रोल सेंटर पर रहेगी।
कंट्रोल सेंटर पर 24 घंटे पुलिसकर्मी और तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे, जो सीसीटीवी के जरिये सुरक्षा की निगरानी करते रहेंगे। इस दौरान अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति मेला क्षेत्र में प्रवेश करेगा तो एआई उसकी पहचान करते हुए बता देगा, जिस पर पुलिस अलर्ट होकर कार्रवाई करेगी।
माघ मेला के डीसीपी व नोडल अधिकारी, नीरज पांडेय के अनुसार माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी उपाय किए जा रहे हैं। तकनीक और एआइ का भी इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके। Magh Mela 2026








