BNP NEWS DESK। IPL 2026 आईपीएल 2026 के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं और शनिवार को सभी 10 टीमों ने खिलाड़ियों को रिटेन और रिलीज करने की सूची जारी कर दी है।
आईपीएल के आगामी सत्र के लिए अगले महीने अबु धाबी में मिनी नीलामी हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 16 दिसंबर को खिलाड़ियों की नीलामी होगी। अगर अबु धाबी में नीलामी होती है तो यह लगातार तीसरी बार होगा जब आईपीएल नीलामी विदेश में आयोजित होगी।
केकेआर ने बड़े नामों को किया रिलीज
IPL 2026 आईपीएल नीलामी से पहले तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बड़े नामों को रिलीज कर दिया है। केकेआर ने वेंकटेश अय्यर और आंद्रे रसेल जैसे खिलाड़ियों को नीलामी में उतारने का फैसला किया है।
वेंकटेश को केकेआर ने पिछले साल मेगा नीलामी में 23.75 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन इस बार उसने वेंकटेश को रिलीज करने का फैसला किया है। वहीं, लंबे समय तक टीम का हिस्सा रहे रसेल को भी केकेआर ने रिलीज कर दिया है।
सीएसके ने 11 खिलाड़ियों को किया रिलीज
चेन्नई सुपर किंग्स ने आईएल 2026 से पहले 11 खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया है। इसमें रचिन रवींद्र और मथीशा पथिराना बड़े नाम है। सीएसके ने रवींद्र जडेजा और सैम करन को राजस्थान रॉयल्स में ट्रेड आउट किया था, जबकि संजू सैमसन को राजस्थान से ट्रेड के जरिये लिया था। वहीं, पंजाब किंग्स ने सिर्फ पांच खिलाड़ियों को रिलीज किया है।
केकेआर के पास 64 करोड़ से अधिक का पर्स
बड़े खिलाड़ियों को रिलीज करने का फायदा केकेआर को हुआ है। केकेआर के पास अब 64.3 करोड़ रुपये का पर्स उपलब्ध है जो किसी भी फ्रेंचाइजी की तुलना में सबसे ज्यादा है। केकेआर की टीम अब मिनी नीलामी के दौरान खिलाड़ियों को खरीदने के लिए अच्छी स्थिति में होगी।
केकेआर के बाद सीएसके का नंबर है जिसके पास 43.4 करोड़ रुपये का पर्स मौजूद हैं। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के पास 25.5 करोड़ और लखनऊ सुपर जाएंट्स के पास 22.95 करोड़ रुपये का पर्स मौजूद है। IPL 2026
खिलाड़ियों को रिलीज और रिटेन करने के बाद सभी 10 टीमों के पास उपलब्ध पर्स
टीम उपलब्ध पर्स (करोड़ रुपये में)
लखनऊ सुपर जाएंट्स 22.95
राजस्थान रॉयल्स 16.05
सनराइजर्स हैदराबाद 25.5
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर 16.4
कोलकाता नाइट राइडर्स 64.3
मुंबई इंडियंस 2.75
चेन्नई सुपर किंग्स 43.4
दिल्ली कैपिटल्स 21.80
गुजरात टाइटंस 12.9
पंजाब किंग्स 11.5 IPL 2026








