BNP NEWS DESK। Online Train Tickets यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे आनलाइन बुक टिकटों पर भी यात्रा तिथि बदलने की व्यवस्था लागू करने पर विचार कर रहा है। फिलहाल यह सुविधा केवल काउंटर से लिए गए टिकटों तक सीमित है, लेकिन रेलवे की एक टीम ने इस पर अध्ययन शुरू कर दिया है और यदि इसे न्यायसंगत पाया गया तो नई व्यवस्था जनवरी 2026 से लागू की जा सकती है।
Online Train Tickets रेलवे के वर्तमान नियमों के अनुसार आनलाइन बुक टिकट की तिथि बदलने के लिए यात्रियों को पहले टिकट कैंसिल करना होता है और फिर नई तिथि के लिए दोबारा आरक्षण कराना होता है।
टिकट कैंसिल पर लागू शर्तों के मुताबिक ट्रेन के तय समय से 48 से 12 घंटे पहले तक कैंसिल कराने पर कुल किराये का 25 प्रतिशत कटता है, जबकि चार्ट बनने के बाद कैंसिल कराने पर रिफंड नहीं मिलता।
अश्विनी वैष्णव ने भी मौजूदा व्यवस्था को यात्री हित के अनुरूप नहीं माना है
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी मौजूदा व्यवस्था को यात्री हित के अनुरूप नहीं माना है और इस नियम को न्यायसंगत बनाने के निर्देश दिए हैं।
प्रस्तावित प्रणाली में यात्रियों को आनलाइन टिकट की यात्रा तिथि आगे-पीछे करने का विकल्प मिलेगा, पर यह पूरी तरह सीट की उपलब्धता पर निर्भर होगा।
यदि चुनी गई नई तारीख पर टिकट की कीमत अधिक होगी तो यात्रियों को अंतर राशि अतिरिक्त चुकानी पड़ेगी। नई तिथि पर कंफर्म सीट मिलने की गारंटी नहीं होगी। सीट उपलब्ध होने पर ही टिकट कंफर्म माना जाएगा।
वहीं शुल्क कटौती के मामले में संभव है कि आनलाइन टिकट पर भी मौजूदा काउंटर टिकट नियम ही प्रभावी रखा जाए। वर्तमान काउंटर नियमों के अनुसार कंफर्म, आरएसी और वेटिंग टिकटों की यात्रा तिथि आगे या पीछे करवाई जा सकती है, बशर्ते नई तिथि पर वही श्रेणी या उससे ऊपर की श्रेणी में सीट उपलब्ध हो। नीचे की श्रेणी में तिथि अग्रसारित नहीं की जा सकती।
काउंटर से तिथि बदलने के लिए टिकट को उस ट्रेन के खुलने के तय समय से कम से कम 48 घंटे पहले आरक्षण कार्यालय के कार्य समय के दौरान कैंसिल कराना होता है।
साथ ही इस सुविधा का लाभ केवल एक बार ही लिया जा सकता है और तत्काल टिकट पर यह अनुमति नहीं दी जाती। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि तिथि बदलने के बाद बदला हुआ टिकट एक नया आरक्षण माना जाएगा और भविष्य में यदि उसे कैंसिल किया गया तो उसके अनुसार रद्दीकरण शुल्क लिया जाएगा।
















Discussion about this post