BNP NEWS DESK। Tall Buildings विकास की पथ पर बढ़ रही काशी में मंगलवार को एक और चार चांद लग गया। नोएडा और लखनऊ के बाद पूर्वांचल की सबसे ऊंची ग्रुप हाउसिंग बिल्डिंग का नक्शा वाराणसी विकास प्राधिकरण ने पास किया। जीत होम साल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बनाई जा रही 112 मीटर ऊंची बिल्डिंग में दो भूमिगत पार्किंग, तीन मंजिल व्यवसायिक और 31 मंजिल आवासीय फ्लैट हैं जो कुल 34 मंजिल का है।
Tall Buildings चंदौली जिले में पड़ाव से रामनगर मार्ग पर कटेसर स्थित राल्हूपुर में 9551 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनने वाले ट्विन टावर में कुल 357 फ्लैट हैं। इसमें 489 कार और 51 दो पहिया वाहनों की पार्किंग है। इस प्रोजेक्ट से वीडीए को 6,94,91,568 रुपये मिले हैं। जीत होम साल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड का यह सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है।
आवास एवं शहरी नियोजन विभाग ने बढ़ती महंगाई को कम करने और फ्लैट की कीमत कम करने को लेकर नए बायलाज में कई बदलाव किए हैं। एफएआर में छूट देने के साथ ऊंचाई की बाध्यता खत्म कर दी है। इसी का नतीजा है कि जिस जमीन पर 28 मंजिल का नक्शा पास होता वहां 34 मंजिल का हो गया।
छह मंजिल अतिरिक्त बनने के साथ कई फ्लैटों की संख्या बढ़ गई। विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि नए बायलाज का ग्रुप हाउसिंग के साथ होटल निर्माण में अधिक छूट मिली है।
चार ग्रुप हाउसिंग और 10 से अधिक होटल के मानचित्र के लिए आवेदन आएं है। इनके प्रपत्रों की जांच कराई जा रही है।
जीत होम साल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक जितेंद्र श्रीवास्तव जीत ने बताया कि एफएआर में छूट मिलने के साथ फ्लैट की बढ़ती कीमतों में रोक लगेगी। सरकार ने जीएसटी में छूट देकर भी फ्लैट खरीदने वाले ग्राहकों को राहत पहुंचाया है।








