BNP NEWS DESK। Oscars बीते दिनों कान फिल्म फेस्टिवल और टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में सराहना बटोरने वाली नीरज घेवन निर्देशित फिल्म होमबाउंड को अगले साल के अकादमी पुरस्कारों के लिए सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया है।
Oscars चयन के लिए नियुक्त स्वतंत्र संस्था द फिल्म फेडरेशन आफ इंडिया के अध्यक्ष एन चंद्रा ने शुक्रवार को कोलकाता में यह घोषणा की। होमबाउंड में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। 98वें आस्कर अवार्ड का आयोजन अगले साल 15 मार्च को होगा।
24 फिल्में आस्कर में देश का प्रतिनिधित्व करने की दौड़ में थीं
एन चंद्रा ने कहा कि विभिन्न भाषाओं की कुल 24 फिल्में आस्कर में देश का प्रतिनिधित्व करने की दौड़ में थीं। उन्होंने कहा कि होमबाउंड को देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए ज्यूरी द्वारा सर्वसम्मति से चुना गया। इस प्रविष्टि के लिए द बंगाल फाइल्स, पुष्पा 2 : द रूल, द पायरे, केसरी, सुपरब्वायज आफ मालेगांव, वीरा चंद्रहास जैसी फिल्में प्रतिस्पर्धा में थी। होमबाउंड के साथ नीरज लगभग एक दशक बाद निर्देशन में वापसी कर रहे हैं।
सिनेमा के सबसे बड़े वैश्विक मंचों में से एक पर भारत का प्रतिनिधित्व करना
नीरज कहते हैं, “मुझे बेहद गर्व है कि होमबाउंड को आस्कर में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया है। अपनी जमीन और अपने लोगों के प्रति प्रेम से ओतप्रोत, यह उस घर का सार है, जिसे हम सभी साझा करते हैं। अपनी कहानियों को दुनिया तक पहुंचाना और सिनेमा के सबसे बड़े वैश्विक मंचों में से एक पर भारत का प्रतिनिधित्व करना, विनम्र होने के साथ-साथ गर्व की बात भी है। इसके लिए मैं बेहद आभारी हूं। Oscars
जातिगत और सांप्रदायिक भेदभाव का सामना
फिल्म में ईशान और विशाल दो ग्रामीण लड़कों की भूमिका में हैं, जो सम्मान पाने के लिए सरकारी नौकरी करने का सपना देखते हैं। दोनों को जातिगत और सांप्रदायिक भेदभाव का सामना करना पड़ता है। जाह्नवी इसमें विशाल की दोस्त की भूमिका में हैं।
यह फिल्म एक सच्ची घटना पर आधारित है, जिसका जिक्र मूल रूप से 2020 के न्यूयार्क टाइम्स में बशारत पीर द्वारा लिखे आलेख टेकिंग अमृत होम से प्रेरित है। इसका शीर्षक है एक दोस्ती, एक महामारी और एक हाईवे के किनारे मौत। करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित, होमबाउंड के कार्यकारी निर्माता प्रख्यात हालीवुड फिल्ममेकर मार्टिन स्कार्सेसी हैं।
यह फिल्म देश में 26 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इंडियन फिल्म फेस्टिवल आफ मेलबर्न में इसे सर्वश्रेष्ठ फिल्म और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला था।
पिछले कुछ वर्षों में इस श्रेणी में तीन भारतीय फिल्में मदर इंडिया, सलाम बांबे और लगान नामांकित हुई हैं। हालांकि कोई भी जीत हासिल नहीं कर पाई है। 95वें आस्कर अवार्ड्स में फिल्म आरआरआर के गाने नाटू-नाटू को बेस्ट ओरिजनल सान्ग कैटेगरी में आस्कर अवार्ड मिला था।
















Discussion about this post