BNP NEWS DESK। flood pillar वरुणा नदी के तटवर्ती इलाकों में बाढ़ के समय सीवर के बैक-फ्लो को बाधित करने के लिए नगर निगम ‘फ्लड पिलर’ बनाने की योजना बना रहा है । दूसरी ओर शहर में हो रही लगातार बारिश के कारण तैरते कचरे (फ्लोटिंग मैटेरियल) से गली पिट जाम हो रहे हैं, जिससे जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो रही है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने स्वास्थ्य, सामान्य और जलकल विभाग को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर गली पिटों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में बुधवार को जलजमाव की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य के लिए सहायक अभियंताओं (एई) और अवर अभियंताओं (जेई) की जवाबदेही तय की जाएगी, और जहां जरूरत हो वहां नए गली पिट बनाए जाएंगे। महापौर ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि बाढ़ और बारिश से उत्पन्न जलजमाव की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए एक अलग कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए, ताकि समस्याओं का निस्तारण 24 घंटे के भीतर हो सके। बैठक में सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करने और जलभराव पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
जलभराव से निपटने के लिए शहर में 85 पंप तैनात
इस दौरान मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र ने बताया कि निचले इलाकों से पानी निकालने के लिए 85 पंप लगाए गए हैं। इस पर महापौर ने निर्देश दिया कि ये पंप रोजाना कितने घंटे चल रहे हैं, इसकी सख्त मॉनिटरिंग की जाए। इसके साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में मच्छरों के पनपने से रोकने के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव कराने का आदेश भी दिया गया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि बीएचयू अस्पताल में हाल ही में हुए जलभराव पर नगर निगम की नजर है। इसके लिए बीएचयू प्रशासन के साथ मिलकर ‘स्टॉर्म वॉटर’ योजना बनाई जा रही है और सीएंडडीएस से प्रस्तावित नाले की ड्राइंग-डिजाइन मांगी गई है। महापौर ने कहा कि जिस प्रकार तेलियाबाग मार्ग पर जलजमाव का स्थायी समाधान निकाला गया, उसी तर्ज पर बीएचयू और लंका गेट क्षेत्र की समस्या को दूर किया जाए। बैठक अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, सीमा पांडेय, विनोद कुमार गुप्ता, जोनल अधिकारी जितेंद्र आनंद, इंद्र विजय, मुन्ना लाल, पवन कुमार गुप्ता, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, जोनल अधिकारी गीता रानी विक्रम समेत अन्य अधिकारी एवं क्षेत्रीय पार्षद उपस्थित रहे।
त्रिनेत्र भवन से सीसीटीवी कैमरों से शहर की स्थिति देखी
समीक्षा बैठक के बाद महापौर ने स्मार्ट सिटी स्थित त्रिनेत्र भवन में लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड के माध्यम से पूरे शहर में जलजमाव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान राहत की बात यह रही कि शहर के ज्यादातर मुख्य मार्गों पर जलभराव देखने को नहीं मिला।
रातभर सक्रिय रहा नगर निगम, महापौर ने किया क्षेत्रों का निरीक्षण
दो दिन बाद शहर लौटे महापौर अशोक कुमार तिवारी ने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के साथ चितईपुर, सामनेघाट, नगवां वार्ड और अस्सी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और जलनिकासी के कार्यों को तत्परता से पूरा करने के निर्देश दिए। भारी बारिश के बीच नगर निगम की टीम पूरी रात मुस्तैद रही। महापौर ने दोहराया कि काशी की जनता को हर संभव सुविधा देने और शहर को जलजमाव-मुक्त बनाए रखने के लिए नगर निगम टीम निरंतर प्रयासरत है। इस दौरान पार्षद मदन मोहन तिवारी, गोपाल पटेल, सुरेश पटेल, श्याम भूषण शर्मा, अजय बिंद, कमलेश पाल, अतुल पांडेय, विनित सिंह, जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र, नगर निगम, जलकल के अधिकारी व क्षेत्रीय पार्षद उपस्थित रहे।







