BNP NEWS DESK। Aligarh couple अलीगढ़ में सफेद कार से एक महिला के साथ उतरा युवक सीधे दादों थाने में पहुंचा। इंस्पेक्टर से बोला, ‘यह सपना हैं और मैं राहुल’। हम दोनों साथ रहेंगे। इंस्पेक्टर को समझने में देर नहीं लगी। होने वाले सास और दामाद की यह वही चर्चित जोड़ी थी, जो 10 दिन पहले गायब हो गई थी।
महिला ने पति पर उत्पीड़न के आरोप लगाए
Aligarh couple महिला ने राहुल का हाथ पकड़कर कहा, मैं तो इनके ही साथ रहूंगी। राहुल ने भी कहा, यह मेरी पत्नी हैं। महिला ने पति पर उत्पीड़न के आरोप लगाए। बोली, होने वाले दामाद पर शक किया गया। तब आत्महत्या करने वाली थी। राहुल ने रोका और नई जिंदगी की राह दिखाई। पति ने सपना के आरोपों को निराधार बताते हुए बच्चों के साथ मडराक थाने पर धरना शुरू कर दिया। हालांकि समझाने पर कुछ देर बाद धरना खत्म कर दिया।
अलीगढ़ की सपना और उसका होने वाला दामाद राहुल छह अप्रैल को गायब हो गए थे। दोनों के स्वजन ने गुमशुदगी दर्ज कराई। सपना की बेटी का रिश्ता राहुल से तय हो गया था। बुधवार को बरात आनी थी। दोनों के भाग जाने से शादी की तैयारियां धरी रह गईं। सपना के पति जितेंद्र ने पांच लाख लाख रुपये के गहने व तीन लाख रुपये नकद ले जाने का आरोप लगाया था। इसके बाद से पुलिस दोनों की तलाश में लगी थी। सपना ने पुलिस को बताया कि उसका पति जितेंद्र ज्यादातर बेंगलुरु में रहता है।
एक साथ-जीने मरने की कसम खाई
जब भी आता तो शराब पीकर मारपीट करता। भैंस का दूध बेचकर बच्चे पाले हैं। चार महीने पहले बेटी से राहुल का रिश्ता किया था। बेटी और जितेंद्र मुझ पर व राहुल पर शक करने लगे। तंग आकर आत्महत्या करना चाहती थी। राहुल ने हौसला बढ़ाया और एक साथ-जीने मरने की कसम खाई। छह अप्रैल को राहुल अलीगढ़ आया। दोनों बस से कासगंज गए।
इसके बाद दोनों बरेली, लखनऊ होकर गोरखपुर पहुंचे। आठ अप्रैल को बिहार के जिला मुजफ्फरपुर गए और एक होटल में रुके। राहुल वहां काम की तलाश में लगा था।
इंटरनेट मीडिया पर चल रही खबरों को देखकर राहुल ने बुलंदशहर में फुफेरे भाई वीरेश नायक से फोन पर बात की। उसी के कहने पर 14 अप्रैल को सपना को लेकर दिल्ली की बस सवार हुआ। यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह राया कट पर उतरकर कार किराये पर ली। उसी से दादों पहुंचा। यहां से मडराक पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई।
सपना बोली जल्द करेंगे शादी, बेटी ने डायन बताया
सपना का कहना है कि दो सौ रुपये, एक जोड़ी पायजेब, एक मैक्सी और मंगलसूत्र के अलावा कुछ नहीं साथ ले गई। वह जल्द राहुल से शादी करेगी। पति व बच्चों से कोई मतलब नहीं है। सपना की तीन संतान हैं। सबसे बड़ी बेटी शिवानी है, जिसकी शादी होनी थी। थाने पर स्वजन व ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। बेटी बिफर पड़ी। बोली-मां नहीं, ये डायन है।
Discussion about this post