BNP NEWS DESK। euro 2024 स्पेन ने इंग्लैंड का 1966 के बाद पहला खिताब जीतने का सपना चूर-चूर करते हुए उसे 2-1 से हराकर यूरोपीय फुटबाल में रिकार्ड चौथी बार अपनी बादशाहत साबित कर दी। स्पेन ने इससे पहले 1964, 2008 और 2012 में यूरो खिताब जीता है। टूर्नामेंट में शुरू से अंतिम तक स्पेन का दबदबा रहा।
euro 2024 जिसने 86वें मिनट में मिकेल ओयारजबाल के गोल के दम पर फाइनल में 2-1 से जीत प्राप्त की। इस जीत के साथ ही स्पेन ने कई रिकार्ड भी बना दिए। उन्होंने टूर्नामेंट के इतिहास में सर्वाधिक 15 गोल दागने और सात मैचों में अजेय रहकर यूरो कप जीतने का अनूठा रिकार्ड भी अपने नाम किया।
इंग्लैंड की प्रतीक्षा लंबी हुई
मैच के दौरान कप्तान अलवारो मोराटा के विकल्प के तौर पर मैदान पर उतरे मिकेल ने बाएं विंग से मार्क कुकुरेला के पास को गोल में बदलकर मैच को अतिरिक्त समय में खिंचने से बचाया। फुटबाल के जनक इंग्लैंड ने 1966 विश्व कप के बाद कोई बड़ा खिताब नहीं जीता है। जर्मनी में 1936 ओलिंपिक के लिए बनाए गए इस स्टेडियम में ट्राफी थामे स्पेन के खिलाड़ियों और आसमान में होती आतिशबाजी को इंग्लैंड के खिलाड़ी मायूस निगाहों से देखते रहे। इंग्लैंड के लिए स्थानापन्न खिलाड़ी कोल पामर ने 73वें मिनट में बराबरी का गोल किया था। euro 2024
अलग संस्कृतियों से आए दोनों विंगरों ने लिखी जीत की गाथा
स्पेन के इस यूरो कप में चले अजेय सफर के दो महत्वपूर्ण नायक निको विलियम्स और टूर्नामेंट के सबसे युवा खिलाड़ी लामीने यमाल रहे हैं। यमाल ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक चार गोल में सहयोग जबकि फ्रांस के विरुद्ध सेमीफाइनल में महत्वपूर्ण गोल दागा था। वहीं, निको विलियम्स ने फाइनल में टीम के लिए 47वें मिनट में पहला गोल दागा।
जीत के बाद विलियम्स ने कहा, ‘हम यूरोप के चैंपियन हैं।’ यूरो चैंपियनशिप खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी लामीने यमाल ने विलियम्स के इस गोल में सूत्रधार की भूमिका निभाई। दोनों विंगर अलग-अलग संस्कृतियों के खिलाड़ियों से मिलकर बनी स्पेन की टीम के स्टार साबित हुए। euro 2024
शनिवार को अपना 17वां जन्मदिन मना चुके यमाल की मां गिनीया से और पिता मोरक्को से हैं जबकि विलियम्स के माता-पिता घाना के हैं जो बेहतर जीवन की तलाश में यूरोप आ बसे थे। स्पेन पहुंचने के लिए वे खचाखच भरे ट्रक में लदकर और सहारा रेगिस्तान पैदल पार करके पहुंचे थे।
वहीं, प्लेयर आफ द मैच चुने गए विलियम्स ने आगे कहा, ‘मेरे माता-पिता ने मुझे यहां तक पहुंचाने के लिए काफी कुछ झेला है। मैं खुश हूं कि मैने इतिहास रच दिया।’ विलियम्स के भाई इनाकी घाना के लिए खेलते हैं, लेकिन उन्होंने स्पेन को चुना अब वह पूरे देश के हीरो बन गए हैं।
दूसरी ओर इंग्लैंड को 2021 यूरो फाइनल में इटली ने पेनाल्टी शूटआउट में हराया था। इस हार से उसके सारे जख्म फिर हरे हो गए और ट्राफी का इंतजार भी और लंबा हो गया।
यमाल को यूरो 2024 के सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी का पुरस्कार
स्पेन फुटबाल की नई सनसनी लामाइन यमाल को उनके 17वें जन्मदिन के एक दिन बाद यूरोपीय फुटबाल चैंपियनशिप के सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी का पुरस्कार मिला। उन्होंने कहा, ‘मुझे जन्मदिन पर इससे बेहतर उपहार नहीं मिल सकता था। यह सपना सच होने जैसा है।’ वह यूरो चैंपियनशिप खेलने वाले, इसमें गोल करने वाले और फाइनल खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बने।
बार्सिलोना के लिए खेलने वाले यमाल के आदर्श लियोन मेसी हैं। वह स्पेनिश लीग में भी गोल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने पहली बार यूरो चैंपियनशिप खेलते हुए एक गोल किया और चार में सहायक रहे। वहीं, टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी रोड्री को प्लेयर आफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला। रोड्री ने पूरे टूर्नामेंट में मिडफील्ड से सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हैरी केन और दानी ओल्मो समेत छह गोल्डन बूट
इंग्लैंड के स्ट्राइकर हैरी केन समेत छह खिलाड़ियों ने यूरोपीय फुटबाल चैंपियनशिप में सर्वाधिक तीन गोल करके गोल्डन बूट जीता। केन के अलावा स्पेन के दानी ओल्मो, जर्मनी के जमाल मुसियाला, नीदरलैंड्स के कोडी गाक्पो, स्लोवाकिया के इवान शरांज और जार्जिया के जार्जेस मिकाउताड्जे ने भी तीन-तीन गोल किए। केन यूरो चैंपियनशिप और विश्व कप में सर्वाधिक गोल करने वाले चार पुरुष खिलाड़ियों में हैं। उन्होंने 2018 विश्व कप में यह कमाल किया था।








