बीएनपी न्यूज डेस्क। Zubair Arrested दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की आईएफएसओ यूनिट ने ऑल्ट न्यूज के को-फाउंडर मोहम्मद जुबैर को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। जुबैर को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। कोर्ट ने दिल्ली पुलिस की एक दिन की पुलिस रिमांड की अर्जी मंजूर कर ली है। जुबैर पर धर्म विशेष की भावनाएं भड़काने का आरोप है। उनके खिलाफ पिछले सप्ताह मामला दर्ज किया गया था।
आईएफएसओ के पुलिस अधिकारियों का कहना था कि आरोपी पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहा है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि बीजेपी की नफरत, कट्टरता और झूठ को उजागर करने वाला हर शख्स उनके लिए खतरा है। राहुल ने कहा कि सत्य की एक आवाज को गिरफ्तार करोगे तो एक हजार और पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि अत्याचार पर सत्य की हमेशा विजय होती है।
विशेष धर्म का जानबूझकर अपमान करने का आरोप
स्पेशल सेल के पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ट्विटर हैंडल से जून महीने में शिकायत मिलने के बाद मोहम्मद जुबैर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मोहम्मद जुबैर ने एक विशेष धर्म के भगवान की जानबूझकर अपमान करने के उद्देश्य से आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट की थी। उनके ट्वीट को री-ट़्वीट किया जा रहा था। उनके अनुयायियों व सोशल मीडिया संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर ट्वीट को फैलाना शुरू कर दिया। सोमवार को मोहम्मद जुबैर को पूछताछ के लिए द्वारका स्थित आईएफएसओ के कार्यालय बुलाया गया था। पूछताछ में उनके ट्वीट को आपत्तिजनक पाया गया।
उसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 153 (ऐसा कार्य जिससे माहौल बिगडने और उपद्रव होने की आशंका हो) और धारा 295 (किसी समाज द्वारा पवित्र माने वाली वस्तु का अपमान करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी न पूछताछ में सहयोग कर रहा है और न ही अपना मोबाइल व लैपटॉप दे रहा है। मोबाइल व लैपटॉप की जांच के बाद पता लगेगा कि आरोपी ने विवादास्पद ट्वीट कब किया था और अभी तक कितने ट्वीट किए हैं।
जांच में मिले सबूत तो किया गिरफ्तार
Zubair Arrested दिल्ली पुलिस की तरफ से बताया गया कि आज मोहम्मद जुबैर के खिलाफ आईपीसी की धारा 153ए/295ए के तहत दर्ज एक मामले की जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया था। रिकॉर्ड पर पर्याप्त सबूत होने के बाद, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली पुलिस ने आगे कहा कि मोहम्मद जुबैर को आगे की पुलिस कस्टडी रिमांड की मांग के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जा रहा है।
ओवैसी ने की गिरफ्तारी की आलोचना
एआईएमआईएम प्रमुख असदउद्दीन ओवैसी ने मोहम्मद जुबैर की गिरफ्तारी की आलोचना किया है। ओवैसी ने ट्वीट कर कहा कि मोहम्मद जुबैर की गिरफ्तारी अत्यंत निंदनीय है। उन्हें किसी अज्ञात एफआईआर में गिरफ्तार किया गया है। यह नियत प्रक्रिया का पूरी तरह से उल्लंघन है।








