BNP NEWS DESK। Varanasi weather पूर्व-मध्य अरब सागर पर बने अवदाब के प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश में पूरे दिन बादल घिर रहे। शाम होते ही सात बजे से बेमौसम शुरू हुई रिमझिम वर्षा देर रात तक जारी रही। पूरे दिन सूर्य न निकलने के कारण दिन का अधिकतम तापमान ढाई से साढ़े तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। लगभग आठ से 10 से 14 किमी प्रति घंटा तक चली हवा ने सिहरन पैदा कर दी। 29-31अक्टूबर के बीच दक्षिणी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
Varanasi weather सोमवार की सुबह से ही आसमान मेघाच्छादित रहा। पूरे दिन सूर्य के दर्शन नहीं हुए। इसके चलते लंका क्षेत्र में दिन का अधिकतम तापमान बीते 24 घंटे में 2.5 डिग्री सेल्सियस घट कर सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस नीचे 29.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई और यह सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
उधर बाबतपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान में 24 घंटे में 3.5 डिग्री सेल्सियस की कमी आई और यह सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे 30 डिग्री सेल्सियस रहा। वहां न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस बढ़कर सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इस बीच लंका क्षेत्र में 92 से 86 प्रतिशत तक आर्द्रता बनी रही। मंगलवार को भी अरब सागर की गतिविधि का यह प्रभाव बने रहने की संभावना है।
कल के बाद आएगा मोंथा का प्रभाव
पश्चिम-मध्य एवं संलग्न दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर सकेंद्रित चक्रवाती तूफान मोंथा और प्रबल होकर गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में 28 अक्टूबर की शाम/रात को आंध्र प्रदेश का तट पार करेगा। इसके बाद वह उत्तरोत्तर कमजोर होता जाएगा।
इसके अवशेष के प्रभाव से 29-31अक्टूबर के बीच दक्षिणी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
लखनऊ स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आंचलिक कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 30 अक्टूबर गुरुवार को पूर्वांचल के मिर्जापुर एवं वाराणसी मंडल के कुछ जिलों में भारी वर्षा होने की भी संभावना है। इस दौरान बादलों की आवाजाही के परिणामस्वरूप प्रदेश के अधिकतम तापमान में जहां जबरदस्त दैनिक उतार-चढ़ाव संभावित है, वहीं न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। Varanasi weather






