BNP NEWS DESK। Banke Bihari ठाकुर बांकेबिहारी के भक्तों के लिए इस बार की होली कुछ अनोखी होगी। बांकेबिहारी मंदिर में 27 फरवरी को रंगभरनी एकादशी से शुरू होने वाली रंगों की होली का आनंद उन्हें घर बैठे देखने को मिल सकता है। इसके लिए मंदिर में लाइव दर्शन की व्यवस्था शुरू की जा रही है। मंदिर उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति 15 फरवरी से आराध्य के दर्शन की लाइव स्ट्रीमिंग शुरू कराने जा रही है। इसकी जिम्मेदारी समिति ने दिल्ली की सुयोग्य मीडिया लिमिटेड को दी है।
Banke Bihari मंदिर में भारी भीड़ के कारण आने वाले भक्तों को दिक्कत होती है। होली पर लाखों श्रद्धालु ठाकुर जी के संग रंग खेलने आएंगे। भीड़ अधिक होने से काफी श्रद्धालु मंदिर नहीं आ पाते। ऐसे में मंदिर उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने भक्तों को घर बैठे होली का आनंद देने की योजना बनाई है। समिति ने भक्तों की भीड़ नियंत्रण के लिए ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन की लाइव दर्शन (स्ट्रीमिंग) व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।
समिति ने पिछली बैठक में कंपनी को 15 फरवरी तक लाइव स्ट्रीमिंग शुरू करने के निर्देश दिए हैं। समिति के सदस्य दिनेश गोस्वामी ने बताया कि लाइव स्ट्रीमिंग के लिए मंदिर के नाम से एक वेबसाइट तैयार की जाएगी। मंदिर में कैमरे लगाए जाएंगे। इस वेबसाइट पर ही लाइव दर्शन होंगे। इसके लिए 15 फरवरी तक का समय निर्धारित है। रंगभरनी एकादशी से मंदिर पर रंगों की होली शुरू हो जाएगी। उम्मीद है इस बार जो श्रद्धालु मंदिर नहीं आ पाएंगे, वह घर बैठे होली के दर्शन कर सकेंगे। Banke Bihari
टोकन सिस्टम से होंगे बरसाना में राधारानी के दर्शन
राधारानी के लाडली मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और दर्शन में होने वाली अव्यवस्था को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने टोकन सिस्टम से दर्शन कराने का निर्णय लिया है। मंदिर परिसर में स्थित बड़ी सिंहपौर में काउंटर लगाकर श्रद्धालुओं को निश्शुल्क टोकन दिया जाएगा। इसी टोकन नंबर के आधार पर वह दर्शन कर सकेंगे। यह व्यवस्था सीढ़ी और रोपवे से दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही परिक्रमा लगाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी होगी। होली के बाद यह व्यवस्था लागू होगी।
ब्रह्मांचल पर्वत स्थित राधारानी मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते है। मंदिर में स्थित बड़ी सिंहपौर से श्रद्धालुओं को रेलिंग के माध्यम से प्रवेश कराया जाता है। मंदिर समिति के रिसीवर आशीष कृष्ण शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बड़ी सिंहपौर पर पुलिस चौकी का निर्माण हो रहा है।
यहां पर एक काउंटर बनेगा, जहां से सभी श्रद्धालुओं को टोकन दिया जाएगा। उन्हें निश्शुल्क प्रसाद भी मंदिर की ओर से मिलेगा। टोकन से दर्शन कराने के पीछे उद्देश्य दर्शन में आपाधापी को रोकने के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या का आकलन करना भी है।
कुछ दिन पहले इस व्यवस्था का आधा घंटे का ट्रायल हुआ। उन्होंने बताया कि जूताघर भी मंदिर परिसर में बनाया जा रहा है। मंदिर के पीछे के रास्ते का चौड़ीकरण करने के साथ निकास द्वार के एल आकृति के रास्ते को सीधा करने का प्रस्ताव भी मंदिर समिति ने प्रशासन को सौंपा है। इससे श्रद्धालुओं को आगमन में राहत होगी और भीड़ नहीं जुटेगी। Banke Bihari
















Discussion about this post