वाराणसी में रंग बिरंगे छाते के साथ नजर आएंगी आशा कार्यकर्ता और संगिनी

SHARE:

बीएनपी न्‍यूज डेस्‍क। National Health Mission राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित किए जा रहे कार्यक्रमों व योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नया तरीका इजात किया है। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कार्यरत आशा कार्यकर्ता व आशा संगिनी इस बार गर्मियों में एक रंग बिरंगे छाते के साथ समुदाय में नजर आएंगी। इस रंगीन छाते में स्वास्थ्य संबंधी संदेश लिखे होंगे जिससे लोगों में जागरूकता आ सके और वह उसका लाभ उठा सकें। इसी क्रम में शनिवार को बड़ागांव स्वास्थ्य मेला में    पिंडरा विधायक डा. अवधेश सिंह ने आशा संगिनियों को रंगीन छाता वितरित किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संदीप चौधरी ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं व कार्यक्रमों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए विभाग की यह अनोखी पहल है। जमीनी स्तर पर योजनाओं को पहुंचाने में आशा कार्यकर्ता व संगिनी अहम भूमिका है। वह विभाग की सक मजबूत कड़ी हैं जिससे समुदाय के अंतिम व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी व परामर्श मिलता है। चाहे दिन हो या रात, धूप हो या बारिश आशा कार्यकर्ता अपने कार्यों का निर्वाहन पूरी ईमानदारी और लगन से करती हैं। गृह भ्रमण के दौरान आशा व संगिनी धूप व बारिश से सुरक्षित रहें, इसके लिए उन्हें विभाग की ओर से स्वास्थ्य संदेशों से सजे रंगीन छाते प्रदान किए जाएंगे। नोडल अधिकारी एवं एसीएमओ (आरसीएच) डॉ एके मौर्या ने बताया कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने व उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए अनेकों प्रयास किए जा रहे हैं। प्रचार-प्रसार के माध्यम से समुदाय को जागरूक किया जा रहा है, इस क्रम में विभाग ने नई पहल की है। जनपद की समस्त शहरी व ग्रामीण आशा कार्यकर्ता व संगिनी को जल्द ही यह रंगीन छाता दिया जाएगा। इस छाते पर सुरक्षित मातृत्व, नवजात शिशु देखभाल, खुशहाल बचपन, नियमित टीकाकरण, किशोर-किशोरी स्वास्थ्य, शिक्षा व पोषण देखभाल, परिवार नियोजन एवं वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल के संदेशों को प्रदर्शित किया जाएगा। जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी (डीएचईआईओ) हरिवंश यादव व जिला सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक (डीसीपीएम) रमेश प्रसाद वर्मा ने बताया कि इस संबंध में एनएचएम यूपी के मिशन निदेशक की ओर से शासनादेश प्राप्त हो चुका है। उन्होने बताया कि जनपद में कुल 2,668 आशा कार्यकर्ता व 90 संगिनी हैं। जनपद की समस्त आशा कार्यकर्ताओं व संगिनियों के लिए रंगीन छाता शासन से प्राप्त हो चुके हैं। उन्होने बताया कि पिंडरा व बड़ागांव ब्लॉक की आशा कार्यकर्ताओं व संगिनियों को रंगीन छाता प्रदान किया जा चुका है। जल्द ही एक-एक कर सभी ब्लॉकों की आशा कार्यकर्ताओं व संगिनियों को वितरित किया जाएगा।
रंगीन छाता प्राप्त कर चुकीं बड़ागांव ब्लॉक आशा संगिनी बिन्दु सिंह व उषा देवी बताती हैं कि सरकार जमीनी स्तर से जुड़ी आशा कार्यकर्ताओं व संगिनियों पर पूरा ध्यान दे रही है। इस रंगीन छाते की मदद से गर्मी और बरसात से तो राहत मिलेगी ही साथ ही स्वास्थ्य से जुड़े सभी संदेश समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक भी पहुंचेंगे।

BNPNEWS
Author: BNPNEWS

[ays_poll id=1]
सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें