BNP NEWS DESK। Rapper Badshah बालीवुड रैपर-सिंगर बादशाह के हरियाणवी फोक गीत ‘टटीरी’ को लेकर विवाद गहरा गया है। गीत के कुछ शब्दों और दृश्यों को आपत्तिजनक बताते हुए पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित साइबर क्राइम थाने, जींद और नरवाणा थाने में केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि गाने में स्कूल ड्रेस में दिखाई गईं छात्राओं के साथ अनुचित शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिससे समाज में गलत संदेश जा सकता है। वहीं, पानीपत की नारी तू नारायणी उत्थान समिति और शिव आरती इंडिया फाउंडेशन की शिकायत पर हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी मामले में संज्ञान लिया है।
Rapper Badshah आयोग ने बादशाह को 13 मार्च को पानीपत स्थित डीसी कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए समन जारी किया है। रोहतक के अधिवक्ता राजनारायण पंघाल ने राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग को भी शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
पंचकूला निवासी अभय चौधरी ने साइबर थाने में शिकायत देकर कहा कि गीत में ऐसे शब्द और दृश्य हैं, जो सामाजिक मर्यादा के विपरीत हैं। वीडियो में छात्राओं को बैग फेंकते और बस की छत पर नाचते दिखाया गया है।
साथ ही स्कूल को ‘बैडशाला’ कहकर संबोधित करने और कुछ पंक्तियों को छात्राओं की गरिमा के खिलाफ बताया गया है। पुलिस ने शिकायत पर अशिष्ट प्रतिनिधित्व (निषेध) अधिनियम-1986 की धारा 3 व 4 तथा भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा 296 के तहत केस दर्ज किया है। इन धाराओं में दोष सिद्ध होने पर दो वर्ष तक की सजा या जुर्माने का प्रविधान है, जबकि दोबारा अपराध की स्थिति में सजा और जुर्माना बढ़ सकता है।
रोडवेज बस दिखाने पर भी आपत्ति
हरियाणा राज्य परिवहन जींद के महाप्रबंधक ने भी पुलिस को पत्र भेजकर कहा है कि गीत के वीडियो में हरियाणा रोडवेज बस और विभागीय प्रतीकों का उपयोग बिना अनुमति किया गया है।
हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि मामले में तुरंत कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि ‘टटीरी’ गीत एक मार्च को रिलीज हुआ था। इसमें कैथल की बाक्सर सिमरन जागलान ने भी बादशाह के साथ आवाज दी है।
खाप संगठनों ने भी उठाई आवाज
रोहतक के महम में नेहरा खाप ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर गीत पर रोक लगाने की मांग की है। चरखी दादरी में सर्वजातीय फोगाट खाप ने भी उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर कहा कि स्कूल ड्रेस में छात्राओं के साथ ऐसे दृश्यों और शब्दों का प्रयोग समाज में गलत संदेश देता है। Rapper Badshah






