BNP NEWS DESK। Assembly Election 2027 उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड सहित पांच राज्यों में अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बढ़ी सियासी सरगर्मी के साथ चुनाव आयोग ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इस सिलसिले में मिले संकेतों के अनुसार, उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव तीन से चार चरणों में कराया जा सकता है।
उप्र, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा व मणिपुर में होना है चुनाव
Assembly Election 2027 इससे पहले 2022, 2017 और 2012 में उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव सात चरणों में हुआ था। जिन अन्य चार राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, उनमें मणिपुर को छोड़कर पंजाब, उत्तराखंड व गोवा में एक-एक चरण में मतदान की तैयारी है। इन राज्यों में पिछला चुनाव भी एक-एक चरण में ही हुआ था। मणिपुर में 2022 व 2017 की तरह दो चरणों में चुनाव कराया जा सकता है।
हाल ही में बिहार और बंगाल में दो चरणों में चुनाव कराने के बाद चुनाव आयोग के हौसले बढ़े हुए हैं। बिहार में 2015 में पांच चरणों में व 2020 में तीन चरणों में चुनाव हुए थे, जबकि आयोग ने 2025 में इसे दो चरणों में कराया। इसी तरह बंगाल में 2016 में छह और 2021 में आठ चरणों में चुनाव हुए थे, जबकि 2026 में आयोग ने वहां दो चरणों में चुनाव कराया।
इसी तर्ज पर उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव भी तीन से चार चरणों में कराने पर विचार किया जा रहा है। चुनाव के दौरान जिस तरह से फेक नैरेटिव का चलन बढ़ा है, उसे देखते हुए चुनाव आयोग भी चुनाव अवधि छोटा रखने के ही पक्ष में रहता है। बिहार और बंगाल के चुनाव में उसने अपनी इस क्षमता को भी परखा है।
चुनाव आयोग की टीमें शुरू करेंगी राज्यों का दौरा
चुनावी तैयारियों के क्रम में आयोग की टीमें सितंबर के अंतिम सप्ताह से चुनावी राज्यों का दौरा शुरू करेगी। सूत्रों की मानें तो इसके लिए टीम गठन का काम शुरू हो गया है। आयोग की टीमें सबसे पहले उन राज्यों में जाएंगी, जहां एसआइआर (मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण) का काम पूरा हो चुका है। इनमें उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर शामिल हैं, जबकि पंजाब और उत्तराखंड में एसआइआर के तहत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन अक्टूबर में होगा। Assembly Election 2027
चुनावी राज्यों में विधानसभा का कार्यकाल
मणिपुर– 13 मार्च, 2027
गोवा– 14 मार्च, 2027
पंजाब– 16 मार्च, 2027
उत्तराखंड–28 मार्च, 2027
उत्तर प्रदेश–22 मई 2027 Assembly Election 2027




