BNP NEWS DESK। Balendra Shah काठमांडू की सड़कों पर जीत का जश्न शुरू हो गया है। हर ओर हिप-हाप और लोक संगीत की धूम है, युवा मस्ती के आलम में नाच-गा रहे हैं। क्योंकि नेपाल में रैपर से राजनेता बने 35 वर्षीय बालेंद्र (बालेन) शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) प्रतिनिधि सभा के चुनाव में भारी जीत की ओर बढ़ रही है और वह खुद प्रधानमंत्री पद के इकलौते दावेदार बनकर उभरे हैं।
Balendra Shah राजधानी काठमांडू की सभी 10 सीटें आरएसपी को मिलने की उम्मीद है। सितंबर 2025 में जेन जी के हिंसक आंदोलन से अपदस्थ हुई केपी शर्मा ओली सरकार के स्थान पर सरकार के गठन के लिए गुरुवार को नेपाल में मतदान हुआ था। ये चुनाव सुशीला कार्की की अंतरिम सरकार की देखरेख में हुए हैं।
चार बार के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से बड़े अंतर से आगे
चुनाव आयोग के अनुसार 165 में से जिन 161 संसदीय क्षेत्रों में मतगणना हो रही है उनमें से 110 में आरएसपी के प्रत्याशी प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बनाए हुए हैं।
गगन थापा की नेपाली कांग्रेस 13 सीटों पर और ओली की नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (यूएमएल) के प्रत्याशी 11 सीटों पर आगे चल रहे हैं। जिन सीटों के चुनाव परिणाम घोषित हुए हैं उनमें से आरएसपी ने छह सीटें, नेपाली कांग्रेस ने चीन सीटें और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी ने दो सीटे जीती है। काठमांडू के मेयर रहे बालेंद्र शाह झापा-5 संसदीय सीट पर चार बार के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से बड़े अंतर से आगे हैं। जबकि रुकुम पूर्व से पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड चुनाव जीत गए हैं। गुरुवार को प्रतिनिधि सभा की 275 सीटों के लिए 60 प्रतिशत मतदान हुआ था।
275 में से 165 सीटों के सदस्य मतदाताओं के द्वारा सीधे चुने जाएंगे जबकि बाकी के 110 सदस्यों का चुनाव संसद के भीतर निर्वाचित सांसद करेंगे। दूरदराज के इलाकों से मतपेटियां लाई जा रही हैं। सभी सीटों के चुनाव परिणाम आने में एक-दो दिन का समय लग सकता है। परिणामों की घोषणा के बाद गठित होने वाली सरकार नेपाल में 18 वर्षों में बनने वाली 15 वीं सरकार होगी।
कर्नाटक से एमटेक किए हुए हैं बालेंद्र
आरएसपी नेता बालेंद्र शाह इंजीनियरिंग की पढ़ाई पढ़े हुए हैं। बीटेक की पढ़ाई नेपाल से करने के बाद उन्होंने कर्नाटक के विश्वेश्वरैया तकनीक विश्वविद्यालय से एमटेक की डिग्री ली। इसके बाद इंजीनियर के रूप में कार्य करने के साथ ही उन्होंने संगीत के क्षेत्र में रुचि दिखानी शुरू की और बाद में वही उनकी पहचान का जरिया बना।
वह नेपाली युवाओं के बीच हिप हाप म्यूजिक का चेहरा बने। इसी लोकप्रियता के बल पर वह काठमांडू के मेयर बने। प्रतिनिधि सभा का चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने जनवरी में यह पद छोड़ा।
भारत की चुनाव परिणामों पर पेनी नजर
चुनाव परिणामों पर भारत की पेनी नजर है। भारत चाहता है कि नेपाल में उसके हितों की सुरक्षा करने वाली स्थिर सरकार गठित हो जिससे वहां पर चीन के बढ़ते प्रभाव को संतुलित किया जा सके। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि हम नेपाल की नई सरकार के साथ काम करते हुए बहुआयामी सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना चाहते हैं। इससे दोनों देशों के लोगों को लाभ होगा। Balendra Shah
















Discussion about this post