BNP NEWS DESK। krishna birthplace श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं शीर्ष पीठ मणिरामदास जी की छावनी के महंत नृत्यगोपालदास के 86वें जन्मोत्सव के समापन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव ने कहा कि आपकी प्रेरणा और आपके नेतृत्व से भव्य राम मंदिर में विराजमान होने के साथ आज अयोध्या में श्रीराम मुस्कुरा रहे हैं। इसी तरह आपकी आवश्यकता मथुरा की कृष्ण जन्मभूमि को है और कुछ ऐसा प्रयास हो कि वहां भगवान कृष्ण भी मुस्कुराएं।
krishna birthplace डा.मोहन यादव ने संतों के सम्मुख मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में हिंदुत्व की प्रतिष्ठा के लिए अपने प्रयासों की जानकारी भी दी। कहा, मैंने शिक्षा नीति में बदलाव किए, गोशालाओं के लिए मानदेय दोगुणा किया और अब उज्जैन महाकुंभ की तैयारी में लगा हूं। इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के महाराष्ट्र प्रभारी जयभान सिंह पवैया ने भव्य मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की ओर इशारा करते हुए कहा कि आज अयोध्या में जो स्वप्न साकार हुआ है, उसमें महाराजश्री की बहुत बड़ी भूमिका रही है।
नेपाल से आए जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामकृष्णाचार्य ने कहा, राम मंदिर का संकल्प था, वह पूर्ण हुआ और आज महाराजश्री के जन्म दिन के पुण्य अवसर पर हमें भारत वर्ष को हिंदू राष्ट्र बनाने तथा गोमाता की रक्षा का संकल्प लेना होगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं प्रख्यात हिंदूवादी नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा, हम रामजन्मभूमि के बाद कृष्णजन्मभूमि और काशी विश्वनाथ को मुस्लिमों के अधिकार से मुक्त कराने की तैयारी में हैं। उन्होंने संस्कृत को देश की राजभाषा बनाने की मांग भी की।








