bnp news desk । Iran war पश्चिम एशिया में युद्ध रोकने के प्रयास धीरे-धीरे आगे बढ़ते दिख रहे हैं। युद्ध के 26वें दिन अमेरिका ने ईरान के सामने युद्ध रोकने के लिए 15 सूत्रीय प्रस्ताव रखा। तेहरान ने कुछ घंटे बाद अमेरिकी प्रस्ताव का जवाब तो दिया, लेकिन अपनी ओर से पांच शर्तें भी रख दीं।
Iran war अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पांच दिन के युद्धविराम के 48 घंटे बाद आए इस अमेरिकी प्रस्ताव में जहां ईरान के परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम पर रोक की बात कही गई है, वहीं ईरान ने होर्मुज पर अधिकार को मान्यता देने, दोबारा युद्ध नहीं छेड़ने और युद्ध से हुए नुकसान की भरपाई करने की मांग रखी है।
हालांकि ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं हो रही है, मध्यस्थों के जरिये संदेशों के आदान-प्रदान का मतलब अमेरिका के साथ वार्ता नहीं है। बहरहाल, युद्धक्षेत्र में शांति की उम्मीद की किरण सामने आने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में कुछ सुधार देखा गया और यह सौ डालर प्रति बैरल से नीचे आ गईं। वार्ता के इन प्रयासों के बीच ईरान और इजरायल ने मिसाइलों की बौछार जारी रखी है।
कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अमेरिका के विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन पर भी मिसाइलें दागीं
ईरान ने खाड़ी के अरब देशों के साथ ही कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अमेरिका के विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन पर भी मिसाइलें दागीं। इजरायल की ओर से भी ईरान पर हमले जारी रहे।
न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, ईरान तक अमेरिका का 15 सूत्रीय प्रस्ताव पाकिस्तान के दो अधिकारियों ने पहुंचाया है।
मध्यस्थता के इस प्रयास में मिस्र के अधिकारी भी शामिल हैं। एक अधिकारी ने बताया कि ईरान को भेजा गया प्रस्ताव युद्धविराम तक पहुंचने की ‘एक पूरी डील” है। मध्यस्थ ईरानियों और अमेरिकियों के बीच आमने-सामने की बातचीत कराने की कोशिश कर रहे हैं। हो सकता है कि यह बातचीत शुक्रवार को पाकिस्तान में हो जाए।
रायटर के अनुसार, व्हाइट हाउस की प्रेस सेकेट्री कोरोलीन लेविट ने बुधवार को पत्रकारों से कहा कि अगर ईरान अपनी हार स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं होगा तो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उस पर करारा प्रहार करने के लिए तैयार हैं, जैसा पहले कभी नहीं किया गया होगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप दिखावा नहीं करते और वह कहर बरपाने के लिए तैयार हैं। ईरान को फिर से कोई गलत अंदाजा नहीं लगाना चाहिए। Iran war
ये हैं प्रमुख अमेरिकी प्रस्ताव
– ईरान को परमाणु कार्यक्रम खत्म करना होगा और परमाणु हथियार नहीं बनाने का वादा करना होगा।
– संवर्धित परमाणु सामग्री अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी को सौंपेगा। एजेंसी को कार्यक्रम तक पूर्ण पहुंच दी जाएगी।
– नतांद परमाणु संयंत्र, इस्फहान परमाणु प्रौद्योगिकी केंद्र और फोर्दो ईंधन संवर्धन संयंत्र को निष्क्रिय व नष्ट करना होगा।
– पूरे क्षेत्र में हमास, हाउती और हिजबुल्ला जैसे प्राक्सी संगठनों की फंडिंग और हथियार देना बंद करना होगा।
– होर्मुज जलडमरूमध्य एक स्वतंत्र समुद्री मार्ग के रूप में खुला रहेगा, ताकि अंतरराष्ट्रीय आवागमन में बाधा न आए।
– बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को सीमित करना होगा। मिसाइलों के प्रकार और उसकी मारक क्षमता निर्धारित होगी।
– बदले में अमेरिका ईरान से सभी प्रतिबंध हटाएगा और बुशहर में असैन्य परमाणु कार्यक्रम के विकास में मदद करेगा।
ईरान की पांच शर्तें
1. ईरान पर आक्रमण और हत्याओं पर पूरी तरह रोक लगे।
2. यह सुनिश्चित करें कि ईरान पर फिर युद्ध न थोपा जाए।
3. युद्ध से हुए नुकसान और हर्जाने का भुगतान किया जाए।
4. सभी मोर्चों और सभी गुटों के विरुद्ध युद्ध की समाप्ति हो।
5. होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान के अधिकार को अंतरराष्ट्रीय मान्यता। Iran war






