BNP NEWS DESK। Bihar Chunav विधानसभा चुनाव में हार के दोषारोपण वाले बयानों से महागठबंधन में खटास बढ़ रहा है। हालांकि, बयानबाजी शीर्ष स्तर के नेताओं के बीच नहीं, फिर इससे देर-सबेर बिखराव की आशंका को बल मिल रहा।
Bihar Chunav कारण यह कि घटक दल, विशेषकर राजद और कांग्रेस, अपनी-अपनी हार के लिए एक-दूसरे को दोषी ठहरा रहे। समीक्षा बैठकों में वोटों के हस्तांतरण, समन्वय और भितरघात जैसे पहलुओं पर भी एक-दूसरे की ओर अंगुली उठाई जा रही है।
कांग्रेस अपनी पराजय का मूल कारण राजद को बता रही तो राजद का कहना है कि कांग्रेस जो कुछ भी है, वह राजद के बल-बूते ही। उसकी अपनी कोई औकात नहीं। चाहे तो अलग होकर देख ले।
कांग्रेस को बेऔकात बता राजद दे रहा अकेले होने की चुनौती
बहरहाल दोनों दलों के बयान गठबंधन की कमजोर कड़ियों को उजागर कर रहे हैं। कांग्रेस को राजद बेऔकात मान रहा, जबकि राजद को कांग्रेस अवसरवादी बता रही है।
शनिवार को उनके सरकारी आवास पर हुई बैठक में तेजस्वी यादव को महागठबंधन विधायक दल का नेता तो चुन लिया, लेकिन सीट बंटवारे और दोस्ताना संघर्ष पर खुली बहस से तनाव बढ़ा है।
इससे पहले 27 नवंबर को दिल्ली में हुई कांग्रेस की समीक्षा बैठक में महागठबंधन की हार के लिए मूलत: राजद को जिम्मेदार ठहराया जा चुका था। पलटवार की चिंगारी तभी से सुलग रही थी।
अंतत: कांग्रेस को शक्ति-हीन करार देते हुए राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने कहा कि अलग होकर लड़ने पर अपनी औकात का पता चलेगा। प्रत्युत्तर में कांग्रेस के प्रवक्ता असित नाथ तिवारी और ज्ञान रंजन पूछ रहे कि तो फिर राजद ने कांग्रेस से गठबंधन क्यों किया?
परंपरागत जनाधार के लिए कांग्रेस में छटपटाहट
महागठबंधन को इस बार मात्र 35 सीटें मिली हैं। उनमें भी 25 राजद की हैं, जो सर्वाधिक 143 सीटों पर मैदान में थी।सीटों की तुलना में राजद का वोट प्रतिशत अलबत्ता अधिक है, लेकिन उसका परंपरागत जनाधार (मुसलमान-यादव) इस बार एकजुट नहीं रहा।
राजद और मुकेश सहनी को साथ लेकर कांग्रेस ओबीसी-ईबीसी वोटों की आस लगाए थी, जिस पर पानी फिर गया। अब कांग्रेस एक बार फिर पुराने जनाधार (सवर्ण-अनुसूचित जाति-मुसलमान) की ओर लौटना चाह रही।
यह 45 प्रतिशत से अधिक का वोट बैंक है। इसके लिए उसे अपनी राह और रणनीति स्वयं बनानी है। अनुसूचित जाति और मुसलमान का आसरा राजद को भी है। दोनों ओर माना जा रहा कि अपने भविष्य और आसरे का यह जुगाड़ साथ रहते संभव नहीं।
















Discussion about this post