BNP NEWS DESK। ahmedabad plane crash अहमदाबाद में एअर इंडिया-171 विमान हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। उड़ान भरने के तीन सेकेंड बाद विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच एक बाद एक रन से कटआफ की स्थिति में चले गए, जिससे दोनों इंजनों को ईंधन मिलना बंद हो गया और वे बंद हो गए।
15 पृष्ठों की प्रारंभिरक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक
विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआइबी) ने शुक्रवार देर रात हादसे की 15 पृष्ठों की प्रारंभिरक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर दी। रिपोर्ट के अनुसार, बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान में ईंधन आपूर्ति बंद होने से तुरंत थ्रस्ट कम होने लगा और विमान नीचे की ओर गिरने लगा। हालांकि यह नहीं बताया गया है कि स्विच कटआफ की स्थिति कैसे बनी। रिपोर्ट में बताया गया है कि विमान के काकपिट वायस रिकार्डर में एक पायलट को दूसरे से यह पूछते हुए सुना जा सकता है कि उसने ईंधन क्यों बंद किया।
ahmedabad plane crash रिपोर्ट में कहा गया है, ‘दूसरे पायलट ने जवाब दिया कि उसने ऐसा नहीं किया।’ इसमें यह नहीं बताया गया है कि विमान के कैप्टन ने कौन सी टिप्पणी की और प्रथम अधिकारी ने कौन सी, और न ही यह कि किस पायलट ने दुर्घटना से ठीक पहले “मेडे, मेडे, मेडे” संदेश प्रसारित किया था।
अमेरिकी विमानन सुरक्षा विशेषज्ञ जान काक्स ने कहा कि कोई पायलट गलती से इंजनों को ईंधन देने वाले ईंधन स्विच को नहीं हिला पाएगा। उन्होंने कहा, “आप उन्हें टकराकर हिला नहीं सकते।”
प्रेट्र के अनुसार, मुंबई में नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने शुक्रवार को कहा कि मंत्रालय जांच में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित कर रहा है। नायडू ने कहा, “एएआइबी इस पर काम कर रहा है। यह एएआइबी की ज़िम्मेदारी है, उन्हें अपना काम करने दें।”
बता दें कि 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान उड़ान भरने के 35 सेकंड के भीतर ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई, जबकि एक यात्री चमत्कारिक रूप से बच गया था।
‘फ्यूल कंट्रोल स्विच’ क्या हैं?
ड्रीमलाइनर 787 में इंजन फ्यूल कंट्रोल स्विच (रन और कटआफ) इंजन को चालू या बंद करने के लिए जमीन पर इस्तेमाल किए जाते हैं। ये स्विच जेट के थ्राटल लीवर के नीचे और फ्यूल कंट्रोल माड्यूल के अंदर स्थित होते हैं। स्विच के चारों ओर ब्रैकेट लगे होते हैं ताकि गलती से वे हिल न जाएं। प्रत्येक स्विच में एक धातु का स्टाप लाक भी होता है जिसे चालक दल को अपनी स्थिति बदलने से पहले उठाना पड़ता है।
ये स्विच कैसे काम करते हैं?
उड़ान के दौरान फ्यूल कंट्रोल स्विच को ‘रन’ से ‘कटआफ’ पर ले जाने से सहयोगी इंजन में ईंधन की आपूर्ति रुक जाएगी। ‘एयर करंट’ के अनुसार, इससे इंजन तुरंत बंद हो सकता है और थ्रस्ट कम हो सकता है। इससे प्रत्येक इंजन पर लगे दो विद्युत जनरेटर भी विमान के कई सिस्टम और उसके कुछ काकपिट डिस्प्ले को बिजली प्रदान नहीं कर पाएंगे। यदि किसी इंजन में आग लग जाती है तो प्रभावित इंजन का फ्यूल कंट्रोल स्विच चालक दल को अलर्ट करने के लिए लाल हो जाएगा।
















Discussion about this post