BNP NEWS DESK। Dev Deepawali 2025 देव दीपावली पर काशी एक बार फिर प्रकाश, आस्था और संस्कृति के संगम की साक्षी बनेगी। पर्यटन विभाग व वाराणसी महोत्सव समिति ने पांच नवंबर को देव दीपावली पर 10 लाख से अधिक मिट्टी के दीये जलाने की व्यवस्था की है।
दीपक, तेल व बाती आदि का वितरण राजघाट से प्रारंभ हो चुका है। गंगा के घाटों और उसके पार के तटों को सम्मिलित करते हुए दीपोत्सव कार्यक्रम के लिए कुल 20 सेक्टर बनाए गए हैं। प्रत्येक सेक्टर के लिए अलग नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं।
Dev Deepawali 2025 प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर देव दीपावली पर इस बार श्रद्धा और देशभक्ति का अद्भुत संगम दिखेगा। घाट पर आयोजित होने वाला पर्व इस बार पहलगाम आतंकी हमले में बलिदान हुए नागरिकों व आपरेशन सिंदूर के वीर जवानों को समर्पित होगा। 35 वर्षों से चल रही परंपरा अनुसार दशाश्वमेध घाट देवताओं के स्वागत में पलक-पांवड़े बिछाएगा। 500 किलो फूलों से घाट को सजाया जाएगा। मां गंगा की 108 किलो की अष्टधातु की प्रतिमा का विशेष शृंगार किया जाएगा और 108 लीटर दूध से उनका अभिषेक कर गंगा निर्मलीकरण का आह्वान किया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत शंखनाद और डमरू की गूंज से
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत शंखनाद और डमरू की गूंज से होगी। इसके बाद भगवान शिव-पार्वती विवाह का पवित्र दृश्य, भगवान विष्णु के चक्र पुष्करिणी कुंड की कथा, भगवान बुद्ध के धर्मोपदेश, संत कबीर और गोस्वामी तुलसीदास की भक्ति परंपरा तथा काशी हिंदू विश्वविद्यालय की गौरवशाली यात्रा को आकर्षक दृश्यों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। देव दीपावली की पावन संध्या पर काशी का आकाश अद्भुत रोशनी और आस्था के रंगों से जगमगाएगा।
25 मिनट की भव्य काशी-कथा 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग व लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। यह शो काशी की दिव्यता, इतिहास, संस्कृति और अध्यात्म के अनूठे संगम को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगा।
संयुक्त निदेशक पर्यटन, दिनेश कुमार ने बताया कि पर्यटकों के लिए 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो का निश्शुल्क प्रदर्शन तीन बार रात्रि 8.15, नौ और 9. 35 बजे किया जाएगा। इसके साथ ही काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने रात्रि आठ बजे 10 मिनट की ग्रीन आतिशबाजी का निश्शुल्क आयोजन भी किया जाएगा।
गंगा पार होगा कोरियोग्राफ और सिंक्रोनाइज ग्रीन क्रैकर शो
विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली के अवसर पर काशी एक बार फिर दिव्यता, भव्यता और आधुनिकता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करेगी। बुधवार की सायं जब उत्तरवाहिनी गंगा के दोनों तट दीपमालाओं से जगमगाएंगे, तब संपूर्ण काशी एक स्वप्निल आभा में नहाई दिखाई देगी। प्रदेश सरकार ने इस वर्ष देव दीपावली को और अधिक दिव्य एवं भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं।
घाटों पर लाखों दीपों की जगमग ज्योति, लेजर शो और कोरियोग्राफ ग्रीन क्रैकर्स शो श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर देंगे। अर्धचंद्राकार घाटों पर दीपों की कतारें और जल पर तैरते दीपक भक्ति और सौंदर्य का अद्वितीय संगम रचेंगे।
वहीं गंगा पार का रेत का क्षेत्र ‘कोरियोग्राफ और सिंक्रोनाइज ग्रीन क्रैकर्स शो’ की रंगीन रोशनी से नहाया हुआ नजर आएगा। यह शो श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने आयोजित होगा, जो आधुनिक तकनीक ‘फायर वन फायरिंग सिस्टम’ के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
















Discussion about this post