BNP NEWS DESK। Varanasi Ropeway शहर में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश शासन ने वाराणसी रोप-वे परियोजना के लिए किराया दरों की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही देश की पहली शहरी सार्वजनिक परिवहन रोप-वे सेवा के संचालन का मार्ग और अधिक स्पष्ट हो गया है। शासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार वाराणसी कैंट, विद्यापीठ, रथयात्रा और गोदौलिया चौक स्टेशनों के बीच यात्रा के लिए न्यूनतम किराया 10 रुपये तथा अधिकतम किराया 50रुपये निर्धारित किया गया है। कैंट से गोदौलिया चौक तक की पूरी यात्रा का किराया 50 रुपये होगा, जबकि विद्यापीठ से रथयात्रा तक यात्रियों को मात्र 10 रुपये खर्च करने होंगे।
Varanasi Ropeway स्थानीय नागरिकों और नियमित यात्रियों को राहत देते हुए ‘काशी स्मार्ट पास’ धारकों को अधिसूचित किराए पर 20 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की गई है। इसके तहत कैंट से गोदौलिया तक की यात्रा 40 रुपये तथा विद्यापीठ से रथयात्रा तक का किराया आठ रुपये होगा।
क्लॉक रूम सुविधा भी उपलब्ध
अधिसूचना में यह भी प्रावधान किया गया है कि किराया दरों में प्रत्येक वर्ष एक अप्रैल से पांच प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी, जिसे पांच रुपये के निकटतम गुणांक तक पूर्णांकित किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए वाराणसी कैंट रोप-वे स्टेशन पर क्लॉक रूम सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। टिकट धारकों को पहले दो घंटे तक सामान रखने की सुविधा निःशुल्क मिलेगी, जबकि इसके बाद 15 किलोग्राम तक के सामान पर 50 रुपये प्रति घंटे शुल्क लिया जाएगा। Varanasi Ropeway
पर्यटकों और समूह यात्राओं को ध्यान में रखते हुए प्रीमियम गोंडोला सेवा का भी प्रावधान किया गया है। प्रीमियम गोंडोला का किराया 2000 रुपये प्रति यात्रा निर्धारित किया गया है, जबकि किसी संस्था अथवा समूह द्वारा अग्रिम आरक्षण कराने पर प्रति गोंडोला प्रति यात्रा 1200 रुपये शुल्क देय होगा।
करीब 3.75 किलोमीटर लंबे इस रोप-वे मार्ग पर कैंट रेलवे स्टेशन, विद्यापीठ, रथयात्रा और गोदौलिया में आधुनिक स्टेशन विकसित किए गए हैं। रोप-वे के संचालन से कैंट से गोदौलिया तक की यात्रा मात्र 15 से 16 मिनट में पूरी हो सकेगी, जिससे शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने के साथ प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
विश्वनाथ धाम, दशाश्वमेध घाट, गोदौलिया और कैंट रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाली यह परियोजना पर्यटन, व्यापार और स्थानीय आवागमन को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। Varanasi Ropeway











Discussion about this post