BNP NEWS DESK। ODI Ranking भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली सर्वश्रेष्ठ वनडे बल्लेबाज का स्थान फिर हासिल करने की कवायद में आगे बढ़ते हुए बुधवार को जारी आइसीसी की नवीनतम वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए। कोहली अप्रैल 2021 में पाकिस्तान के बाबर आजम द्वारा शीर्ष से हटाए जाने के बाद से दोबारा वनडे बल्लेबाजों की सूची में नंबर एक स्थान हासिल नहीं कर पाए हैं।
ODI Ranking हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध हाल में संपन्न तीन मैच की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन की बदौलत दाएं हाथ का यह बल्लेबाज एक बार फिर शीर्ष स्थान हासिल करने के करीब पहुंच गया है। कोहली को तीन मैच में 302 रन बनाने के लिए सीरीज का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया और वह नवीनतम रैंकिंग में दो स्थान के सुधार से टीम के अपने साथी रोहित शर्मा के बाद दूसरे स्थान पर आ गए।
रोहित ने दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध सीरीज में 146 रन बनाकर रैंकिंग के शीर्ष पर अपनी जगह बरकरार रखी। कोहली विशाखापत्तनम में सीरीज के आखिरी मैच में नाबाद 65 रन की पारी की बदौलत रोहित से सिर्फ आठ रेटिंग अंक पीछे हैं। रोहित के 781 जबकि कोहली के 773 अंक हैं।
कुलदीप यादव गेंदबाजों की सूची में तीन स्थान के फायदे से तीसरे नंबर
शुभमन गिल चोट के कारण तीन मैच की सीरीज में नहीं खेल पाने के बावजूद पांचवें स्थान पर बने हुए हैं। उनकी गैरमौजूदगी में टीम की अगुआई करने वाले केएल राहुल दो स्थान के फायदे से 12वें पायदान पर हैं। कुलदीप यादव गेंदबाजों की सूची में तीन स्थान के फायदे से तीसरे नंबर पर आ गए हैं।
दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकाक (तीन पायदान ऊपर 13वें स्थान पर), एडेन मार्करैम (चार पायदान ऊपर 25वें स्थान पर) और तेंबा बावुमा (तीन पायदान ऊपर 37वें स्थान पर) को भी रैकिंग में फायदा हुआ है। टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में अक्षर पटेल (दो पायदान ऊपर 13वें स्थान पर), अर्शदीप सिंह (तीन पायदान ऊपर 20वें स्थान पर) और जसप्रीत बुमराह (छह पायदान ऊपर 25वें स्थान पर) की भारत की तिकड़ी ने कटक में पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध 101 रन की जीत के बाद रैंकिंग में सुधार किया। यशस्वी जायसवाल टेस्ट रैंकिंग में आठवें स्थान के साथ शीर्ष भारतीय बल्लेबाज बने हुए हैं। गिल और रिषभ पंत एक-एक पायदान आगे बढ़कर क्रमशः 11वें और 13वें स्थान पर हैं। ODI Ranking
मिशेल स्टार्क को टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में फायदा हुआ
आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क को टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में फायदा हुआ है। इंग्लैंड के विरुद्ध शुरुआती दो एशेज टेस्ट में मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया बाएं हाथ का यह गेंदबाज तीन स्थान के फायदे से तीसरे स्थान पर है। स्टार्क ने दो मैच में 18 विकेट लिए हैं और इस वजह से वह अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ रेटिंग अंक और सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर पहुंच गए हैं।
भारत के जसप्रीत बुमराह शीर्ष पर बरकरार हैं।
मोहम्मद सिराज (12वें), रवींद्र जडेजा (13वें) और कुलदीप (14वें) की भारतीय तिकड़ी को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है। मौजूदा एशेज सीरीज में प्रभावी प्रदर्शन करने में नाकाम रहे इंग्लैंड के हैरी ब्रूक बल्लेबाजों की सूची में दो पायदान नीचे चौथे स्थान पर खिसक गए, जबकि केन विलियमसन (दूसरे) और स्टीव स्मिथ (तीसरे) को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है। जो रूट शीर्ष पर हैं। ODI Ranking








