पैगंबर मुहम्मद पर टिप्पणी करने वाले तेलंगाना के विधायक टी राजा सिंह को भाजपा ने किया सस्पेंड

SHARE:

BJP MLA T Raja Singh

बीएनपी न्‍यूज डेस्‍क। BJP MLA  Raja Singh सुर्खियों में बने रहने के लिए राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता व नेता विवादित बयान देकर तमाम बार अपने दल को भी पशोपेश में डाल देते हैं। पैगंबर मुहम्मद पर बयान देकर तेलंगाना में बीजेपी विधायक टी राजा सिंह ने फिर विवाद खड़ा कर दिया है। हालांकि, बीजेपी ने अपने विधायक को बिना देर किए सस्पेंड कर दिया है। उधर, तेलंगाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए BJP MLA  Raja Singh को अरेस्ट भी कर लिया है।
कई धाराओं में बुक किए गए राजा सिंह
पैगंबर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोपी बीजेपी विधायक टी.राजा सिंह को आईपीसी की गंभीर धाराओं में बुक किया गया है। उनके खिलाफ धर्म के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने, जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्यों से संबंधित केस दर्ज किया गया है।
रात में हुआ था विधायक के खिलाफ प्रदर्शन
सोमवार रात में हैदराबाद शहर के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुआ था। प्रदर्शनकारी पुलिस आयुक्त कार्यालय के अलावा अन्य कई जिम्मेदारों के ऑफिस के सामने प्रदर्शन कर टी.राजा सिंह की विवादित टिप्पणी का विरोध करते हुए उनके ऊपर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसके अलावा एआईएमआईएम ने भी कई जगहों पर प्रदर्शन किया और बीजेपी विधायक टी.राजा सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एआईएमआईएम ने बीजेपी पर बोला हमला
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी पर इस मामले को लेकर घेरा है। ओवैसी ने कहा कि क्या यह बीजेपी की आधिकारिक नीति बन गई है कि एक तरफ कहते हैं कि नुपुर शर्मा से सहमत नहीं हैं और दूसरी तरफ अपने अन्य विधायकों से वही बातें कहने को कहते हैं? लोग गुस्से में हैं। ओवैसी ने कहा कि पैगंबर के खिलाफ बोलने की वजह से लोगों के आंखों में आंसू है। लोग बातें कर रहे हैं कि आखिर बीजेपी के लोग पैगंबर के खिलाफ ऐसी बातें क्यों कर रहे हैं। क्यों वह लोग पैगंबर से इतनी नफरत कर रहे हैं। हमारी मांग है भाजपा को यह सब करना बंद कर देना चाहिए। लोग देख सकते हैं कि आप पैगंबर से कितनी नफरत करते हैं।
यह है मामला
दरअसल, बीजेपी विधायक टी.राजा सिंह ने दस मिनट का एक वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में पैगंबर के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की गई है। वीडियो में कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी पर कटाक्ष किया गया है। टी राजा सिंह ने बीते दिनों उनके शो को नहीं होने की धमकी देने के बाद उस शो को बाधित करने की कोशिश की थी।
गिरफ्तारी के बाद बोले राजा सिंह-फिर जारी करेंगे वीडियो
उधर, इस मामले में काफी विवाद होने के बाद भी टी.राजा सिंह को कोई फर्क नहीं पड़ा है। गिरफ्तारी के बाद टी.राजा सिंह ने मीडिया से बताया कि उनका वीडियो क्लिप यूट्यूब व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स ने हटा दिया है। लेकिन रिहाई के बाद वह फिर से उस वीडियो का पार्ट टू जारी करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं इसे धर्म के लिए कर रहा हूं। मैं इसके लिए मरने के लिए तैयार हूं।

BNPNEWS
Author: BNPNEWS

[ays_poll id=1]
सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें