पुणे, बीएनपी न्यूज डेस्क : महाराष्ट्र के अहमदनगर में शनिवार को एक सरकारी अस्पताल के आईसीयू वार्ड में आग लगने से 10 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। आईसीयू में सुबह करीब 11 बजे आग लगी, जहां कोरोना के 20 मरीजों का इलाज चल रहा था। अहमदनगर के डीएम राजेंद्र भोसले ने पुष्टि की कि सरकारी अस्पताल के आईसीयू वार्ड में आग लगने से 10 मरीजों की मौत हो गई और एक मरीज की हालत गंभीर है।
अहमदनगर नगर निगम के अग्निशमन विभाग के प्रमुख शंकर मिसाल ने बताया कि आग की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल कर्मी वहां पहुंचे और बचाव एवं आग पर काबू के लिए अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि दोपहर करीब 1.30 बजे आग पर काबू पा लिया गया तथा इस हादसे का कारण ‘शॉर्ट सर्किट’ हो सकता है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि आग लगने के बाद घायल मरीजों को एक नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से 10 को मृत लाया घोषित कर दिया गया। सभी 10 पीड़ितों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और उनकी मौत के कारणों की जांच की जा रही है कि क्या उनकी मौत दम घुटने से हुई या मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति में व्यवधान के कारण हुई।








