यूपी के 1,565 पीएम श्री विद्यालयों को मिले 1.34 करोड़ रुपये, होंगी हरित स्कूल गतिविधियां

SHARE:

यूपी के 1,565 पीएम श्री विद्यालयों को मिले 1.34 करोड़ रुपये

 BNP NEWS DESKPM SHRI School प्रदेश के पीएम श्री विद्यालयों में हरियाली, स्वच्छता और जल संरक्षण को बढ़ावा देने की शासन की योजना है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में ग्रीन स्कूल कंपोनेंट के तहत एक करोड़ 34 लाख 85 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसके तहत यूपी के 1,565 विद्यालयों में पौधारोपण, हरितीकरण, ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण और पर्यावरणीय जागरुकता से जुड़ी गतिविधियां कराई जाएंगी। नामांकन के आधार पर विद्यालयों को धनराशि उपलब्ध कराई गई है।

विद्यालयों में पौधारोपण के साथ स्वच्छता और जल संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

विभाग के अनुसार, 200 से अधिक छात्र संख्या वाले 433 विद्यालय और 200 या इससे कम छात्र संख्या वाले 1,132 विद्यालय शामिल हैं। विद्यालयों में स्वीकृत धनराशि का उपयोग केवल ग्रीन स्कूल गतिविधियों के लिए किया जाएगा। अनावश्यक सजावट अथवा ऐसी सामग्री पर खर्च नहीं किया जा सकेगा, जिससे विद्यालय के हरित वातावरण, स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण या बच्चों की पर्यावरणीय सीख में वास्तविक सुधार न हो। गतिविधियों का चयन विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में किया जाएगा। समिति अनुमानित व्यय, विद्यार्थियों की सहभागिता, रखरखाव और कार्य पूरा करने की समयसीमा तय करेगी। इसकी कार्यवाही पंजिका में दर्ज करना अनिवार्य होगा। इस प्रक्रिया में विद्यालय स्तर पर धनराशि के उपयोग और गतिविधियों की उपयोगिता पर भी नजर रखी जाएगी। पर्याप्त स्थान वाले विद्यालयों में पौधारोपण व हरितीकरण कराया जाएगा। स्थान कम होने पर गमले, ग्रो बैग, अनुपयोगी प्लास्टिक बोतल, पुराने कंटेनर व टायर आदि से वर्टिकल गार्डन, बोतल गार्डन और कार्नर गार्डन आदि कम लागत वाले माडल विकसित किए जा सकेंगे। इससे सीमित स्थान में भी बच्चों को पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों से जोड़ा जा सकेगा।

इको क्लब और बाल संसद के माध्यम से पर्यावरण से जोड़ा जाएगा बच्चों को

ग्रीन स्कूल गतिविधियों में विद्यार्थियों, इको क्लब, बाल संसद तथा ग्रीन मानीटर की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश हैं। विद्यालयों को गतिविधियों के पहले और बाद के फोटो, बिल-वाउचर, बच्चों की सहभागिता के प्रमाण और पूर्णता रिपोर्ट सुरक्षित रखनी होगी। संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी और जिला समन्वयक विद्यालयों में गतिविधियों की गुणवत्ता, उपयोगिता और बच्चों की सहभागिता का नियमित अनुश्रवण करेंगे।

BNPNEWS
Author: BNPNEWS

[ays_poll id=1]
सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें