काशी की होने वाली बहू अस्मिता डे अब जापान में आजमाएंगी दांव

SHARE:

  Asmita Dey 

BNP NEWS DESK।  Asmita Dey  वाराणसी के सिगरा स्थित डा. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी अस्मिता डे का स्वागत और सम्मान किया गया। राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद वाराणसी पहुंचीं अस्मिता ने स्टेडियम में खिलाड़ियों के साथ अभ्यास किया। जापान में होने वाले आगामी अंतरराष्ट्रीय आयोजन की तैयारी के क्रम में उन्होंने खिलाड़ियों को जूडो की तकनीक और मुकाबले की बारीकियां बताईं।
Asmita Dey    खिलाड़ियों ने उनसे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की रणनीति, दांव लगाने के सही समय, संतुलन बनाए रखने और प्रतिद्वंद्वी की चाल को पढ़ने के बारे में जानकारी ली। अस्मिता ने खिलाड़ियों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि बड़े मंच पर तकनीक के साथ धैर्य और सही समय पर आक्रमण करना बेहद महत्वपूर्ण होता है। अभ्यास के बाद क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी नवीन सिंह और खिलाड़ियों ने उन्हें सम्मानित किया। नवीन सिंह ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में अस्मिता की उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
अस्मिता शुक्रवार को दिल्ली के लिए रवाना होंगी और वहां से जापान जाएंगी। वह 5 सितंबर से 2 अक्टूबर तक त्सुकुबा विश्वविद्यालय में होने वाले भारतीय जूडो टीम के प्रशिक्षण एवं अभ्यास शिविर में हिस्सा लेंगी। यह शिविर 19 सितंबर से शुरू होने वाले आइची-नागोया एशियाई खेलों की तैयारी के लिए आयोजित किया जा रहा है। महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली अस्मिता इस बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देंगी।
काशी से उनके पारिवारिक जुड़ाव के कारण खिलाड़ी और खेल अधिकारी उन्हें विशेष रूप से बधाई देने पहुंचे। अस्मिता यहां की होने वाली बहू हैं। सभी ने उन्हें काशी और देश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

 
राष्ट्रमंडल में लगाया स्वर्णिम दांव

 

31 जुलाई को ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में अस्मिता डे ने महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग में कनाडा की हेइडी क्वाच को 2-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। मुकाबला गोल्डन स्कोर तक पहुंचा, जहां अस्मिता ने निर्णायक दांव लगाकर जीत हासिल की। वह राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो का स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय बनीं।

पहले भी दिखा चुकी हैं दम

अस्मिता डे ने 2025 में कासाब्लांका अफ्रीकन ओपन में स्वर्ण और 2023 में मकाऊ जूनियर एशिया कप में स्वर्ण पदक जीता था। 2023 एशियन ओपन में रजत और 2022 एशियन जूनियर चैंपियनशिप में कांस्य पदक भी उनके नाम रहा। 2026 एशियन सीनियर चैंपियनशिप में उन्होंने पांचवां स्थान हासिल किया।

BNPNEWS
Author: BNPNEWS

[ays_poll id=1]
सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें