टूरिज्म एक्सपो में विकसित भारत के संकल्प की खनक

SHARE:

Tourism Expo

BNP NEWS DESK।  Tourism Expo इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से आयोजित दो दिवसीय टूरिज़्म एंड हास्पिटैलिटी एक्सपो–2025 उद्यमियों व कारोबारियों के हौसले व उम्मीदों के संग होटल ताज में सजा। इसमें बाजार की रौनक दिखी तो वहीं विकसित भारत के संकल्प की खनक भी।

Tourism Expo सरकार भी कंधा से कंधा मिलाकर खड़ी रही तो वहीं नए उद्यमियों को आगे बढ़ने की उम्मीदों के पंख भी लगे। बदलते उत्तर प्रदेश की यहां तस्वीर रखी गई तो वहीं पर्यटन क्षेत्र के विस्तार में कौन सा कोना खाली पड़ा है, विस्तार की संभावनाएं भी तलाशी गई।

इसके साक्षी देश व विदेश से आए उद्यमी, निवेशक व काशीवासी बने। होटल के दरबार हाल परिसर में आईआरसीटीसी, साेलर सिस्टम संग बनारसी साड़ी समेत अन्य के लगे 100 से अधिक स्टाल मेहमानों के बीच आकर्षण के केंद्र रहे।

मुख्य अतिथि स्टांप एवं पंजीयन शुल्क राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने एक्सपो का फीता काटकर शुभारंभ करते हुए कहा कि उद्यमियों की मेहनत से देश आज विश्व की पांचवीं अर्थव्यवस्था बना है। काशी की सांस्कृतिक विरासत, भारतीय पर्यटन वैश्विक पहचान दे रही है। Tourism Expo

पर्यटन उद्यम के क्षेत्र में अपार संभावनाएं

पर्यटन उद्यम के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। दुनिया में सर्वाधिक 27 प्रतिशत टूरिस्ट दुबई, इसके बाद सिंगापुर जाते हैं। भारत में सिर्फ दो प्रतिशत यह आंकड़ा है।
पर्यटन उद्योग के समग्र और सशक्त वैश्विक प्रचार की अत्यंत आवश्यकता है ताकि यह दुबई जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों के समकक्ष पहचान बना सके। सरकार उद्यमियों के साथ है। उद्यमियों को स्टांप पर कम से कम व्यय करना पड़े, निरंतर इस दिशा में कार्य हो रहा है। अब जल्द ही व्यापारिक बंटवारे के लिए भी स्टांप छूट का लाभ मिलेगा।

महापौर अशोक तिवारी ने बदलते उत्तर प्रदेश की रूपरेखा रखी। स्वागत आइआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी व अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने की। मंच पर अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकरपुरी महाराज, संपूर्णानंद संस्कृत विवि के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा, महात्मा काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो एके त्यागी, आइआइए राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक अग्रवाल, राष्ट्रीय महासचिव दीपक बजाज, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अवधेश अग्रवाल, संयोजक उमाशंकर अग्रवाल, डीएम सत्येंद्र कुमार, पद्मश्री डा. रजनीकांत, नेशनल टूरिज्म कमेटी चेयरमैन राहुल मेहता समेत प्रमुख उद्यमी मौजूद रहे। Tourism Expo

उद्यमी नेचुरौपैैथी, ओल्ड एज हाेम, एग्र्रीकल्चर सेक्टर में आएं आगे

स्टेट ट्रांसफार्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि अब लक्ष्य प्राप्ति में नई टेक्नोलाजी बहुत कारगर हुई है। अब एमएसएमई के अलावा समस्त सेक्टर में एक एक्टिव ग्रुप बनाने की जरूरत है ताकि विकास की इस रफ्तार में सरकार तक सही फीडबैक पहुंचे।

यूपी में पहले डोमेस्टिक टूरिज्म 22 करोड़ था अब 66 करोड़ पहुंच चुका है। कुंभ के दौरान कई नए सेक्टर टूरिज्म के रूप में सामने आए। इसी को ध्यान में रखकर सरकार धार्मिक पर्यटन के विकास के लिए कार्य कर रही है। लेकिन विदेशी पर्यटकों की संख्या कम है। देश में विदेशी पर्यटक एक करोड़ आते हैं, इसमें यूपी में 23 लाख के करीब है।

इसमें ज्यादा ताजमहल देखने आते हैं। उन्होंने कई देशों में बदलते टूरिज्म को साझा करते हुए कहा कि हमारे पास संसाधन है, प्रकृति प्रदत्त चीजें भी हैं। अब ईको-टूरिज्म, वेलनेस टूरिज्म, वेडिंग डेस्टिनेशन, मेडिकल टूरिज्म, ओल्ड एज होम, केयर होम की दिशा में बढ़ने की जरूरत है।  अपार संभावनाएं हैं।एग्रीकल्चर सेक्टर में चीनी मिल से आगे बढ़ने की जरूरत है। सरकार आपके साथ है।

काशी पर्यटन उद्योग का केंद्र बनेगी

आइआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री व वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जारी अभूतपूर्व विकास के कारण विश्व पटल पर नए पर्यटन केंद्र के रूप में काशी स्थापित हुईं है। यही कारण है कि पिछले वर्ष काशी में आने वाले पर्यटकों की संख्या गोवा से ज़्यादा रही। एक्सपो सिर्फ प्रदर्शनी नहीं, वैश्विक सहयोग का आंदोलन भी है। विश्व की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक राजधानी काशी आने वाले समय में पर्यटन उद्योग का केंद्र बनेगी।

अब उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश

आइआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने एक्सपो में आए मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे भारत में “निवेश, निर्यात एवं आयात” का केंद्र बनकर उभरा है। व्यापार सुगमता, निवेश संभावनाओं तथा पर्यटन एवं आतिथ्य परियोजनाओं के लिए उत्तर प्रदेश राज्य को एक पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में देखा जा रहा हैं।
यह एक्सपो विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा। एक्सपो आगे भी अनवरत जारी रहेगा। एक्सपो का अंतिम दिन खास होगा। निवेश पर मुहर लगेगी तो वहीं नए उद्यमियों को विशेषज्ञ राह सुझाएंगे। सांस्कृतिक संध्या में काशी की कला व संस्कृति से मेहमान परिचित होंगे। Tourism Expo

BNPNEWS
Author: BNPNEWS

[ays_poll id=1]
सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें