BNP NEWS DESK। road repair लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश की सभी सड़कों को दुरुस्त करने का कार्य लोक निर्माण विभाग ने तेज कर दिया है। इसके लिए विधानसभा क्षेत्रवार सड़कों की सूची तैयार की जा रही है। इस लिस्ट में विधायकों द्वारा भेजे गए करीब 1,200 सड़कों को दुरुस्त करने के प्रस्ताव भी शामिल हैं। विभाग की कोशिश है कि चुनाव अचार संहिता लागू होने से पहले बजट स्वीकृत करवाया लिया जाए।
road repair लोक निर्माण विभाग ने प्रदेश की 49,556.62 किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त कर लिया है। साथ ही 33726.87 किलोमीटर सड़कों का नवीनीकरण किया जा रहा है। इसके बाद भी कई विधानसभा क्षेत्रों में काफी संख्या में सड़कें रह गई हैं, जिन्हे दुरुस्त किया जाना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी विधानसभा क्षेत्र में एक भी सड़क खराब नहीं होनी चाहिए। कुछ विधायकों ने भी सड़कों की सूची विभाग को सौंपी है, जिनमें ज्यादातर कम आबादी वाले क्षेत्रों से संबंधित हैं।
चिह्नित किए जा रहे ब्लैक स्पाट
लोक निर्माण विभाग सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मना रहा है। इसके मद्देनजर जिला स्तर पर सभी सड़कों पर ब्लैक स्पाट चिह्नित किए जा रहे हैं। विभागाध्यक्ष एके जैन ने बताया कि दुर्घटनाओं को कम करने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए संकरी पुलिया, अवैध कट, शार्प मोड़, अतिक्रमण आदि को चिह्नित किया जा रहा है।
विभाग के अधिकारियों को शपथ भी दिलाई गई है कि वह सड़क निर्माण में सुरक्षा को लेकर हमेशा गंभीर रहेंगे। कार्यशाला का आयोजन कर सड़क सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया है। 26 दिसंबर को ऐसी दूसरी कार्यशाला आयोजित होगी।








