BNP NEWS DESK। Electric Car देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी लिमिटेड ने आटोमोबाइल सेक्टर में हाल के वर्षों का सबसे बड़ा निवेश करने का एलान किया है। मारुति सुजुकी अगले पांच से छह वर्षों में भारत में कुल 38,200 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है। अकेले 35 हजार करोड़ रुपये की लागत से कंपनी गुजरात में अपना दूसरा प्लांट लगाएगी।
Electric Car इससे कंपनी की वाहन बनाने की मौजूदा क्षमता वर्ष 2030-31 तक दोगुनी से भी ज्यादा होकर 40 लाख सालाना हो जाएगी। भारत में किसी भी कार कंपनी ने एक साथ भारतीय बाजार में इतने बड़े निवेश की घोषणा नहीं की है।
यही नहीं कंपनी ने वर्ष 2024 में भारत में अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार लांच करने का भी एलान किया है। यह कार सिर्फ भारतीय बाजार में ही नहीं बल्कि जापान व यूरोपीय देशों को भी निर्यात होगी। इलेक्ट्रिक कार में आगे विस्तार के लिए कंपनी ने 3200 करोड रुपये का नया निवेश करेगी, जिससे गुजरात स्थित मौजूदा प्लांट की क्षमता मौजूदा 7.5 लाख सालाना से बढ़कर 10 लाख हो जाएगी।
कंपनी के अभी दो प्लांट हरियाणा और गुजरात में हैं। हरियाणा के ही खरखौदा में तीसरा प्लांट लगाया जा रहा है। 35 हजार करोड़ रुपये की लागत से लगने वाला प्लांट कंपनी की भारत में चौथी निर्माण इकाई होगी।
सेमीकंडक्टर उद्योग का हब बनने की तरफ भारत
जून, 2023 में पीएम नरेन्द्र मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान अमेरिकी सेमीकंडक्टर कंपनी माइक्रोन ने भारत में निवेश का समझौता किया था और अब पिछले छह से सात महीनों के दौरान इस माइक्रोन के साथ काम करने वाली कई कंपनियां भी भारत में निवेश की तैयारी करने लगी हैं। गुजरात वाइब्रेंट सम्मेलन में सेमीकंडक्टर क्षेत्र की एक बड़ी कंपनी सिमटेक ने यहां निवेश का एलान किया है।
इस दक्षिण कोरियाई कंपनी के सीइओ जेफरी चुन ने कहा है कि वह पहले भी जहां-जहां माइक्रोन निवेश करती है, वहां निवेश करते हैं और अब वह भारत में निवेश करने जा रहे हैं। कंपनी माइक्रोन के लिए बहुत ही संवेदनशील सेमीकंडक्टर के हिस्सों का निर्माण करती है। चुन ने यह भी कहा कि वह माइक्रोन के साथ मिलकर भारत को सेमीकंडक्टर के सप्लाई चेन में आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेंगे।
इसी सम्मेलन में टाटा समूह के चेयरमैन एन चेंद्रसेखरन ने ऐलान किया कि टाटा समूह सेमीकंडक्टर प्लांट लगाने की तैयारी पूरी कर चुकी है और यह प्लांट गुजरात में ही लगाया जाएगा। इसी तरह से अत्याधुनिक प्रौद्योगिक सेक्टर की एक अन्य कंपनी एनवीडिया ने कहा है कि वह गुजरात के गिफ्ट सिटी में अपना एआइ सेंटर स्थापित करने जा रही है, जो अगले दो महीनों में ही काम करने लगेगा।








