BNP NEWS DESK। Lok Sabha Elections रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को लखनऊ में नामांकन किया तो अमेठी में महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति इरानी ने लगातार तीसरी बार अपनी दावेदारी पुख्ता की। नामांकन करने निकले राजनाथ के रथ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी भी सवार थे। उनके नामांकन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सड़कें भगवा रंग में रंगी दिखी।
Lok Sabha Elections सुबह करीब सवा दस बजे राजनाथ नामांकन जुलूस में शामिल होने के लिए भाजपा मुख्यालय पहुंचे और खास तरह से बने रथ में सवार हुए तो हर तरफ नारों की गूंज सुनाई दी। भीषण गर्मी भी कार्यकर्ताओं के उत्साह को रोक नहीं सकी। ‘मोदी, योगी के साथ राजनाथ जिंदाबाद और ‘एक ही नारा एक ही नाम, जय श्रीराम-जय श्रीराम के नारे लग रहे थे।
इस दौरान काफी संख्या मुस्लिम समाज के लोग भी जुटे। हर किसी के हाथ में भाजपा का झंडा भी था। केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास मंत्री व मोहनलालगंज सीट से भाजपा उम्मीदवार कौशल किशोर जुलूस के साथ भाजपा मुख्यालय पहुंचे और फिर नामांकन जुलूस में शामिल होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां नामांकन किया। Lok Sabha Elections
अमेठी में केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर उन्होंने दो सेट में अपना नामांकन पत्र जिला निर्वाचन अधिकारी निशा अनंत को सौंपा।
अमेठी में रोड शो के दौरान भिड़े भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता
केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी के नामांकन के पहले से गौरीगंज में कांग्रेस के केंद्रीय कार्यालय के सामने भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत हो गई। नामांकन से पहले स्मृति ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ रोड शो गौरीगंज में किया। स्मृति का काफिला कलेक्ट्रेट की ओर जा रहा था, तभी भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से नारेबाजी के बाद हाथापाई शुरू हो गई। यह देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और तत्काल लोगों को अलग किया।








