BNP NEWS DESK । food adulteration खान-पान की वस्तुओं में लगातार मिलावट की घटनाओं पर कड़ाई से अंकुश लगाने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि खान-पान की शुद्धता-पवित्रता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम में संशोधन किया जाए। दाल-रोटी व जूस जैसे खाद्य-पेय पदार्थों में मानव अपशिष्ट मिलाने को वीभत्स बताते हुए योगी ने कहा कि होटलों, ढाबों और रेस्त्रां आदि की गहन जांच की जाए।
food adulteration ढाबों-रेस्त्रां पर उनके संचालक, मालिक, मैनेजर आदि के नाम-पते प्रदर्शित करना सुनिश्चित किया जाए। अपशिष्ट आदि मिलाने पर संचालक पर कड़ी कार्रवाई हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि होटल-रेस्त्रां में सीसीटीवी लगाने के साथ ही सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराया जाए। शेफ-वेटर के लिए मास्क व ग्लव्स पहनना अनिवार्य किया जाए।
मंगलवार को उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में जूस, दाल-रोटी जैसी खान-पान की वस्तुओं में मानव अपशिष्ट/अखाद्य/गंदी चीजों की मिलावट की वीभत्स घटनाएं देखने-सुनने को मिल रही हैं। ऐसी घटनाएं आम आदमी के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाली हैं। ऐसे कुत्सित प्रयास कतई स्वीकार नहीं किए जा सकते। खान-पान की वस्तुओं में मिलावट की घटनाओं को बेहद गंभीर बताते हुए योगी ने कहा कि कठोर कार्रवाई के लिए मौजूदा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम में आवश्यकतानुसार संशोधन भी किया जाए। food adulteration
खान-पान की बिक्री करने वाले सभी प्रतिष्ठानों व स्थानों की गहन जांच
होटलों/ढाबों और रेस्त्रां सहित खान-पान की बिक्री करने वाले सभी प्रतिष्ठानों व स्थानों की गहन जांच के साथ सत्यापन किया जाए। ग्राहकों के बैठने से लेकर किचन व अन्य सभी क्षेत्र सीसीटीवी कैमरे से कवर किए जाएं। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों को बनाने, बेचने व अन्य संबंधित गतिविधियों से जुड़े नियमों को व्यवहारिकता का ध्यान रखते हुए और सख्त किया जाए।
उत्तर प्रदेश में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए ठोस प्रबंध किया जाना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, पुलिस, स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीमें कार्रवाई करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक प्रतिष्ठान संचालक सीसीटीवी कैमरे के रिकार्ड को सुरक्षित रखेगा और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस व स्थानीय प्रशासन को उपलब्ध कराएगा।
इसलिए योगी ने दिखाया कड़ा रुख
गाजियाबाद के लोनी में दुकानदार आमिर जूस में पेशाब मिलाकर बेच रहा था। शामली में एक ठेला दुकानदार का जूस में थूक मिलाते वीडियो प्रसारित हुआ था। गाजियाबाद के ही एक रेस्त्रां में खाने में काकरोच मिलने की घटना सामने आई थी।








