BNP NEWS DESK। Dalmandi श्रीकाशी विश्वनाथ धाम की राह सुगम करने के लिए नई सड़क से चौक को जोड़ने वाले दालमंडी रोड चौड़ीकरण के लिए बुधवार को भवन ध्वस्तीकरण शुरू कर दिया गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दोपहर लगभग दो बजे दीपक शरण व राकेश शरण की दुकान-मकान पर प्रशासन का हथौड़ा चला।
रात लगभग आठ बजे तक भवन का 80 फीसदी हिस्सा ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद कार्य रोक दिया गया। तय किया गया कि गुरुवार सुबह फिर से आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम आवागमन रोकते हुए पुलिस बल को यथावत तैनात रहने का निर्देश दिया गया।
Dalmandi दालमंडी में दोपहर लगभग एक बजे पुलिस-प्रशासन व नगर निगम की गतिविधियां तेज हुईं। अफसरों की भीड़ को देखते हुए भीड़ भी जुटने लगी। पुलिस-पीएसी व आरएएफ के जवानों ने मार्ग सुगमता को मोर्चा संभाला। पैमाइश कर लाल निशान लगाया गया।
मुआवजा ले चुके दीपक शरण व राकेश शरण ने निर्देशानुसार घर-दुकान खाली किया। दीपक शरण की पत्नी भगवान की मूर्ति गोद में लेकर बाहर निकली। रिक्शे से अन्य सामान बाहर निकाले। इसके साथ हथौड़ा व ड्रिल मशीन से मकान-दुकान तोड़ा जाने लगा।
लोक निर्माण विभाग ने रविवार को ही 187 भवन मालिकों को नोटिस दिया है। एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा ने बताया कि जल्द से जल्द हम सभी को समझा-बुझा कर मुआवजा दे देंगे। उधर, ड्रोन से निगरानी के साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से चार थानों की पुलिस, एक-एक कंपनी आरएएफ व पीएसी तैनात रही।
कैंप कार्यालय पहुंचे 40 भवन स्वामी
चौक थाने में राजस्व और पीडब्ल्यूडी द्वारा लगाए गए कैंप में रजिस्ट्री के लिए बुधवार को 40 भवनों के पेपर लेकर लोग रजिस्ट्री के लिए पहुंचे। इसमें से सात-आठ भवन स्वामियों ने कागजात जमा किए। तहसीलदार संत विजय सिंह ने बताया कि कागजात की जांच कर मुआवजा दिया जाएगा।
















Discussion about this post