BNP NEWS DESK। Bengal elections केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी की बंगाल इकाई को केंद्रीय नेतृत्व पर निर्भर करने के बजाय अपने बूते आगामी लोकसभा (लोस) चुनाव लड़ने की नसीहत दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ शाह ने मंगलवार को बंगाल भाजपा की कोर कमेटी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
15 सदस्यीय चुनाव प्रबंधन टीम का गठन करके लोस चुनाव की तैयारियों का आगाज
Bengal elections सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बैठक में शाह ने साफ तौर पर कहा है कि केंद्रीय नेतृत्व व केंद्रीय एजेंसियों पर निर्भर रहने से नहीं चलेगा। अपनी लड़ाई खुद लड़नी होगी। इसके बाद उन्होंने नड्डा के साथ बंगाल के लिए 15 सदस्यीय चुनाव प्रबंधन टीम का गठन करके लोस चुनाव की तैयारियों का आगाज कर दिया।
टीम में बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी, सांसद दिलीप घोष, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा, अमिताभ चक्रवर्ती, सतीश धंड, जगन्नाथ सरकार, अग्निमित्रा पाल, लाकेट चटर्जी, दीपक बर्मन और ज्योतिर्मय महतो शामिल हैं। बंगाल के चार केंद्रीय पर्यवेक्षकों सुनील बंसल, अमित मालवीय, आशा लकड़ा और मंगल पांडेय को भी इसमें जगह दी गई है।
बंगाल से चार केंद्रीय मंत्रियों निशिथ प्रमाणिक, शांतनु ठाकुर, सुभाष सरकार और जान बारला को इसमें शामिल नहीं किया गया है। टीम का काम चुनाव संबंधी सभी कार्यों की देखरेख करना होगा। कहां, कैसे प्रचार किया जाएगा, कौन से केंद्रीय नेता प्रचार के लिए बंगाल आएंगे, ये सब तय करने की जिम्मेदारी इन नेताओं के कंधों पर होगी। सूत्रों के अनुसार शाह ने कहा कि बंगाल में तृणमूल का मुकाबला करने के लिए संगठन को मजबूत करना होगा।
केंद्रीय नेतृत्व साथ रहेगा, लेकिन उस पर निर्भर करने से नहीं चलेगा। इसी तरह केंद्रीय एजेंसियां भी अपने तरीके से काम करेंगी। उन्होंने लोस चुनाव के प्रचार में इंटरनेट मीडिया के अधिक से अधिक इस्तेमाल पर भी जोर दिया है। पार्टी के राज्य नेताओं को आपसी मतभेद भुलाकर साथ मिलकर काम करने का संदेश भी दिया। शाह ने बंगाल की 35 लोस सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। 2019 के लोस चुनाव में भाजपा ने राज्य में 18 सीटें जीती थी।
कोर कमेटी की बैठक में अनुपस्थित रहे मिथुन
अभिनेता व भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती के कोर कमेटी की बैठक में अनुपस्थित रहने को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। मिथुन पिछले कुछ समय से पार्टी की गतिविधियों में नजर नहीं आ रहे। प्राप्त जानकारी के अनुसार मिथुन इस समय पारिवारिक कारणों से अमेरिका के न्यू जर्सी में हैं। मिथुन ने 2021 के बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए काफी प्रचार किया था।








