BNP NEWS DESK। Tulja Bhavani प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विभिन्न अवसरों पर भेंट किए गए 1,300 उपहारों की नीलामी प्रक्रिया आरंभ हो गई है। पहले दिन बुधवार को देवी तुलजा भवानी की 11 किलो 800 ग्राम की प्रतिमा की बोली एक करोड़ तीन लाख 95 हजार रुपये तक पहुंच गई है।
Tulja Bhavani इस प्रतिमा का नीलामी मूल्य 10 लाख 39 हजार 500 रुपये निर्धारित किया गया था। यह नीलामी प्रक्रिया इंटरनेट के माध्यम से 2 अक्टूबर तक जारी रहेगी।
मां तुलजा भवानी छत्रपति शिवाजी महाराज की कुलदेवी हैं, जो महाराष्ट्र व अन्य राज्यों के कई निवासियों की भी कुलदेवी हैं। प्रधानमंत्री को भेंट में मिली मां तुलजा भवानी की यह अद्वितीय प्रतिमा एक लघु मंदिर की संरचना में स्थापित है, जिसे कांच के फ्रेम में खूबसूरती से सजाया गया है।
मंदिर में अलंकृत नक्काशी, सजावटी स्तंभ और जटिल आकृतियां हैं, जो मंदिर के शास्त्रीय डिजाइन की भव्यता को दर्शाती हैं और देवी की दिव्यता को उजागर करती हैं। नीलामी में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति आधिकारिक वेबसाइट https://pmmementos.gov.in/ पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। वेबसाइट पर वस्तुओं की सूची और विवरण भी उपलब्ध है।
यह नीलामी प्रक्रिया जनवरी 2019 में शुरू की गई थी। तब से हर वर्ष आयोजित की जाती है। अब तक इस प्रक्रिया से 50 करोड़ रुपये जुटाए जा चुके हैं, जो नमामि गंगे अभियान को समर्पित किए जाते हैं।
इस ई-नीलामी में पैरालिंपिक खिलाड़ी अजित सिंह, सिमरन शर्मा और निशाद कुमार के जूते भी शामिल हैं, जिन्हें पहनकर उन्होंने पेरिस पैरालिंपिक में विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीते थे। उत्कृष्ट श्रीरामलला मंदिर का 10 किलो का धातु माडल 5.5 लाख रुपये में नीलाम किया जाएगा, जबकि सबसे कम मूल्य 1,100 रुपये का है, जो विभिन्न राज्यों की विशिष्ट हस्तशिल्प को दर्शाता अंगवस्त्रम है।
इस संग्रह में देश की सांस्कृतिक विविधता की झलक भी देखने को मिलती है, जिसमें पारंपरिक कला, पेंटिंग, मूर्तियां, हस्तशिल्प और आदिवासी कलाकृतियों के साथ-साथ सम्मान और आदर के औपचारिक उपहार शामिल हैं।
इसमें जम्मू और कश्मीर की उत्कृष्ट कढ़ाई वाली पश्मीना शाल, राम दरबार की तंजौर पेंटिंग, नटराज की धातु की मूर्ति, गुजरात की रोगन कला में ट्री आफ लाइफ और हाथ से बुनी हुई नागा शाल जैसी कई अन्य वस्तुएं शामिल हैं।
















Discussion about this post