BNP NEWS DESK। Disha Patni बरेली में बालीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने वाले बदमाशों से एसटीएफ नोएडा की यूनिट की ट्रोनिका सिटी में मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश ढेर हुए हैं। दोनों बदमाश गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गिरोह के सक्रिय सदस्य थे।
मारे गए आरोपितों ने ही दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग की थी। पकड़े गए बदमाशों की पहचान रोहतक के काहनी निवासी रविंद्र पुत्र कल्लू और सोनीपत के गोहना रोड इंडियन कालोनी निवासी अरुण पुत्र राजेंद्र के रूप में हुई है।
Disha Patni मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली लगने से दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस के एसआइ रोहित, हवलदार कैलाश के अलावा यूपी एसटीएफ के हवलदार अंकुर और जय गोली लगने से घायल हो गए।
12 सितंबर की सुबह बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर बदमाशों ने फायरिंग की थी। इस मामले में थाना कोतवाली बरेली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। घटना के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बयान दिया था कि आरोपितों को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। मुठभेड़ में नोएडा एसटीएफ दिल्ली की सीआइ यूनिट, सोनीपत की विशेष कार्यबल इकाई शामिल रही।
दिशा पाटनी के घर फायरिंग के मामले एसटीएफ जांच कर रही थी
अधिकारियों का कहना है कि दिशा पाटनी के घर फायरिंग के मामले एसटीएफ जांच कर रही थी। जांच में बदमाशों की पहचान हुई और उनकी धरपकड़ के प्रयास शुरू हुए। इस दौरान टीम को पता चला कि बदमाश सोनीपत के रास्ते लोनी क्षेत्र में आ रहे हैं। इस पर नोएडा की एसटीएफ की यूनिट, दिल्ली सीआइ और सोनीपत की टीम ने बदमाशों का पीछा शुरू किया।
ट्रोनिका सिटी में पहुंचने पर पुलिस ने सफेद रंग की अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों की घेराबंदी की। बदमाशों ने अपने को घिरा हुआ देखकर पुलिस की टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में दिल्ली और यूपी पुलिस का चार जवान घायल हुआ और सोनीपत पुलिस की सरकारी गाड़ी पर कई जगह गोली लगी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो दोनों बदमाशों को गोली लगी और दोनों घायल होकर जमीन पर गिर गए। दोनों को पुलिस ने लोनी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अरुण के दो गोली सीने और गर्दन में जबकि रविंद्र के दो गोली सीने में लगीं। रविंद्र के खिलाफ हरियाणा के विभिन्न थानों में पांच अभियोग दर्ज हैं।
उसने फतेहाबाद में पुलिस एस्कोर्ट गार्द पर हमला कर अपराधी रवि जागसी को छुड़वाने का प्रयास भी किया था। अरुण का आपराधिक इतिहास पुलिस खंगाल रही है।
पुलिस ने बदमाशों के पास से अपाचे बाइक, आधुनिक ग्लाक और जिगाना पिस्टल समेत भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि जो बाइक बदमाशों से बरामद हुई है, इसी बाइक से उन्होंने दिशा पाटनी के घर फायरिंग की थी।
अस्पताल को पुलिस ने किया छावनी में तब्दील
मुठभेड़ के बाद दोनों बदमाशों को एसटीएफ लोनी 50 शैय्या संयुक्त अस्पताल में लेकर आई। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अस्पताल को छावनी में तब्दील कर दिया। अस्पताल के अंदर किसी को भी जाने की अनुमति नहीं थी। देर रात तक अधिकारी अस्पताल में मौजूद रहे।
















Discussion about this post