BNP NEWS DESK। UP Board यूपी बोर्ड ने माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों सहित पूरे स्टाफ की एक जुलाई से आनलाइन उपस्थिति लिए जाने की तैयारी के बीच पढ़ाई व्यवस्थित और नियमित करने की दिशा में भी बड़ी पहल की है। इसके लिए प्रदेश भर के करीब 29,000 माध्यमिक विद्यालयों (कक्षा नौ से 12 तक) के लिए पहली बार एक समयसारिणी तैयार की है। इसमें यह निश्चित किया गया है कि किस कक्षा में किस घंटे में कौन सा विषय पढ़ाया जाना है। इसमें यह सुझाव भी दिया गया है कि विषय और शिक्षक की उपलब्धता के अनुरूप प्रधानाचार्य/प्रबंधक अपने यहां संशोधन कर इसे लागू कर सकते हैं।
UP Board यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने वर्ष 2025 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा पूर्व की तरह सख्ती से कराई, लेकिन अब वर्ष 2026 में होने वाली परीक्षा को ध्यान में रखकर इस बार विद्यालयों में पढ़ाई और उपस्थिति सुनिश्चित करने की ओर ध्यान केंद्रित किया है। बोर्ड सचिव का मानना है कि विद्यालयों में उपस्थिति और पढ़ाई बेहतर होने से परीक्षार्थी न सिर्फ परीक्षा को लेकर अच्छी तैयारी कर सकेंगे, बल्कि सफलता की ओर भी मजबूती से कदम बढ़ा सकेंगे।
समय सारिणी एक जुलाई से विद्यालय खुलने पर लागू
यह सुझावात्मक समय सारिणी एक जुलाई से विद्यालय खुलने पर लागू की जा सकेगी। अभी तक प्रधानाचार्य/प्रबंधक विद्यालय में उपलब्ध सुविधा के अनुरूप अपने हिसाब से समय सारिणी बनाकर पठन-पाठन कराते थे। इससे जिला एवं विद्यालयवार पढ़ाई को लेकर एकरूपता नहीं थी। अब बोर्ड सचिव के निर्देशन में अपर सचिव शोध स्कंद शुक्ल द्वारा तैयार की गई समय सारिणी के अनुसार कक्षा में अध्यापन व्यवस्था सुनिश्चित करने से सभी जगह एकरूपता रहेगी।
समयसारिणी को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर इस आशय से अपलोड किया गया है कि विद्यालय इसी अनुसार कक्षा संचालन कर सकें। इसमें कक्षा नौ से 12 तक के लिए सोमवार से शनिवार तक पहले से लेकर आठवें घंटे तक के लिए विषयवार अध्यापन निर्धारित किया गया है।
चौथे घंटे के बाद मध्याह्न अवकाश निश्चित किया गया है। इसमें ऐसा नहीं है कि यदि कक्षा 11 में सोमवार, मंगलवार, बुधवार को पहले घंटे में हिंदी पढ़ाई जाएगी तो गुरुवार को भी हिंदी ही पढ़ाई जाए। समय सारिणी में गुरुवार को पहले घंटे में अंग्रेजी/चित्रकला विषय रखा गया है और हिंदी तीसरे घंटे में पढ़ाई जाएगी। इसी तरह हर कक्षा के लिए घंटेवार विषय बदल-बदल कर निर्धारित किए गए हैं।
















Discussion about this post