BNP NEWS DESK। IND vs ENG ऋषभ पंत मैदान पर हों और कुछ हरकतें न करें ये हो नहीं सकता। पंत की गिनती एक फनी क्रिकेटर के तौर पर होती है जो विकेटकीपिंग करते हुए भी मजाक-मस्ती करता है और बैटिंग करते हुए भी कुछ न कुछ ऐसा करते हैं कि सामने वाली टीम हंसती है। अगर वह करते नहीं हैं तो उनके साथ ऐसा कुछ हो जाता है। इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ले में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन कुछ ऐसा ही हुआ।
IND vs ENG पंत ने दूसरे दिन अपना शतक पूरा किया और एमएस धोनी को पीछे छोड़ा। ये पंत का टेस्ट में कुल सातवां शतक है। बाएं हाथ का ये बल्लेबाज टेस्ट में भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाला विकेटकीपर बन गया है। उनसे पहले ये रिकॉर्ड धोनी के नाम था जिन्होंने क्रिकेट के इस लंबे प्रारूप में छह शतक जमाए हैं।
पंत के साथ क्या-क्या हुआ
पंत जब मैच के दूसरे दिन बल्लेबाजी कर रहे थे तो उनके साथ लगातार कुछ न कुछ हो रहा था। वह लगातार कुछ बोल भी रहे थे। कभी कप्तान शुभमन गिल को बता रहे थे क्या हो रहा है तो कभी इंग्लैंड के विकेटकीपर जेमी स्मिथ से शोएब बशीर की तारीफ कर रहे थे। बशीर की ही गेंद पर पंत ने आगे निकलकर शॉट खेलना चाहा लेकिन बल्ला उनके हाथ से छूट गया। ये तो किस्मत ही थी कि बल्ला विकेटकीपर स्मिथ के नहीं लगा और उनके पास से निकल गया। एक शॉट खेलने के दौरान तो पंत गिर भी गए।
इतना ही नहीं। पंत को उनके जूते ने भी धोखा दिया था। वह जब रन लेने के लिए भाग रहे थे तब उनका जूता निकल गया था। उनको मांसपेशियों में हल्की तकलीफ भी हुई जिसके लिए फिजियो को आना पड़ा। पारी के दौरान लगातार पंत के साथ कुछ न कुछ हो रहा था। वह जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे थे वो इंग्लैंड को दबाव में डाल रहा था। हालांकि, उनकी पारी का अंत टंग ने कर दिया और ये भी हास्यास्पद रहा। टंग की अंदर आती गेंद को पंत समझ नहीं सके और उन्होंने इसे खेलने की कोशिश भी नहीं की। गेंद सीधा पैड पर लगी जिस पर इंग्लैंड ने अपील की और अंपायर ने उंगली उठा दी। पंत ने रिव्यू लिया जो सफल नहीं रहा।
भारत ने बनाए 471 रन
पंत और गिल जब तक मैदान पर थे भारतीय टीम मजबूत लग रही थी और उसका स्कोर आसानी से 500 के पार जाता दिख रहा था, लेकिन जैसे ही ये दोनों आउट हुए इंग्लैंड ने वापसी की। आलम ये रहा कि टीम इंडिया पहली पारी में 471 रनों पर ही सिमट गई।
















Discussion about this post